मणिपुर: छह लापता नागा बंधकों के शव बरामद; एक दिन पहले ही 14 कुकी नागरिकों को किया गया था रिहा

मणिपुर पुलिस ने बुधवार को कहा कि उन्हें कांगपोकपी जिले में सशस्त्र समूहों द्वारा बंधक बनाए गए छह लोगों के शव मिले हैं, जिनके लापता नागा पुरुष होने का संदेह है.

‘पीटीआई’ के अनुसार, यह बरामदगी मणिपुर के सेनापति जिले में लगभग एक महीने पहले सशस्त्र समूहों द्वारा अगवा किए गए 14 कुकी नागरिकों की रिहाई के ठीक एक दिन बाद हुई है. इस रिहाई का स्वागत करते हुए नगालैंड और मेघालय के मुख्यमंत्रियों ने छह नागा बंधकों की भी सुरक्षित रिहाई की मांग की थी.

मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "स्निफर डॉग्स (खोजी कुत्तों) और फोरेंसिक विशेषज्ञ टीमों की मदद से मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ और असम राइफल्स के लगभग 450 जवानों द्वारा लगभग 24 घंटे तक चलाए गए लगातार तलाशी अभियान के बाद आज दोपहर छह लोगों के शव बरामद किए गए. माना जा रहा है कि ये मृतक उन्हीं लोगों में से हैं जिन्हें 13 मई 2026 को लीलोन वैफेई से बंधक बनाया गया था."

ये 14 कुकी नागरिक और छह नागा उन लोगों में शामिल थे जिन्हें 13 मई को कांगपोकपी जिले में तीन चर्च नेताओं की हत्या के बाद अगवा कर लिया गया था.

पुलिस ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और मामले की जांच जारी है."

अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए इम्फाल के रिम्स अस्पताल लाया जाएगा.

Previous
Previous

आकार पटेल | सिर्फ लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहना महानता का प्रमाण नहीं

Next
Next

‘हमारे वोट कहाँ गए?’: बंगाल के न्यू टाउन के मतदाताओं का सवाल, जहाँ मुस्लिम बहुल बूथ पर भाजपा को मिले 97% वोट