नीट दोबारा परीक्षा से कुछ दिन पहले, अब अहमदाबाद में 17 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या की

अहमदाबाद के त्रागड़ इलाके में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक (नीट-यूजी) की दोबारा परीक्षा की तैयारी कर रहे एक 17 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली.

‘एक्सप्रेस न्यूज़ सर्विस’ के मुताबिक, लड़का अहमदाबाद में अपनी मां और 13 वर्षीय भाई के साथ रहता था, जबकि उसके पिता एक वकील हैं और वे सूरत में रहते हैं और वहीं वकालत करते हैं.

पुलिस के सहायक आयुक्त डी. वी. राणा ने बताया कि नाबालिग की मौत अपनी इमारत से गिरने के कारण आई गंभीर चोटों की वजह से हुई थी. उन्होंने कहा, "सोसाइटी के एक निवासी रात 12:45 बजे अपने घर जा रहे थे, तभी उन्होंने लड़के को इमारत के नीचे पड़ा देखा. यह महसूस करते हुए कि लड़का अभी भी सांस ले रहा है, निवासी ने एम्बुलेंस सेवा को फोन किया. हालांकि, जब पैरामेडिक्स (स्वास्थ्य कर्मी) पहुंचे, तो उन्होंने उसे मृत घोषित कर दिया."

एसीपी राणा ने कहा, "लड़के के मामा ने बताया कि उसने 12वीं कक्षा पास कर ली थी और पिछली नीट परीक्षा दी थी, जिसे रद्द कर दिया गया था. आत्म-मूल्यांकन (सेल्फ असेससमेंट) में उसे अच्छे अंक मिलने की उम्मीद थी. वह 21 जून को होने वाली नीट की दोबारा परीक्षा भी देने वाला था."

मामा ने पुलिस को बताया कि वह अंतर्मुखी स्वभाव का था, लेकिन उसे अपनी पढ़ाई या उससे जुड़े किसी दबाव की कोई समस्या नहीं थी.  लड़का नीट की दोबारा परीक्षा देने की योजना बना रहा था और उसने फार्मेसी में प्रवेश के लिए एक फॉर्म भी भरा था. मामा ने पुलिस को बताया कि वह ट्यूशन क्लास जाता था जहाँ सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर सख्त पाबंदी थी.

21 जून को नीट दोबारा परीक्षा से पहले राजस्थान, तमिलनाडु, दिल्ली और उत्तराखंड के छात्रों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जिसमें उनके परिवारों और अधिकारियों ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा के बढ़ते अत्यधिक दबाव की ओर इशारा किया है.

कोयंबटूर की एक 19 वर्षीय नीट उम्मीदवार ने रद्द हुई परीक्षा को लेकर डर और तनाव व्यक्त करते हुए अपने रिश्तेदारों को व्हाट्सएप पर एक भावुक संदेश भेजने के बाद बुधवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में रेनू नाम की एक अन्य उम्मीदवार ने अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. देहरादून के चंद्रबनी इलाके में मंगलवार को रिया नाम की एक 23 वर्षीय नीट उम्मीदवार ने अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. इस सप्ताह की शुरुआत में, राजस्थान के सीकर जिले में उमेश माली नाम के एक 22 वर्षीय नीट उम्मीदवार ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी.

उल्लेखनीय है कि मई 3 को आयोजित हुई शुरुआती परीक्षा के पेपर लीक होने के कारण रद्द हो जाने के बाद, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक छात्रों के लिए 21 जून को नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा आयोजित करने जा रही है.

Previous
Previous

सहयोगियों द्वारा क्रॉस-वोटिंग से कांग्रेस ने झारखंड में राज्यसभा सीट गंवाई, खड़गे के सचिव को शिकस्त 

Next
Next

कश्मीर के सरकारी कर्मचारी पर ‘नार्को-टेरर’ का मामला कैसे बना, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने छह साल बाद दी जमानत