कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से कम से कम 17 लोगों की मौत, कई अन्य घायल
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के अनुसार, शनिवार को कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में कम से कम 17 लोगों की मौत होने की आशंका है. पुलिस के अनुसार, इस घटना में कई अन्य लोग घायल हो गए हैं और उनका कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज चल रहा है.
भगदड़ के तुरंत बाद, पुलिस ने श्रद्धालुओं को चोरबागान सार्वजनिन पूजा पंडाल में प्रवेश करने से रोक दिया. इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार ने भगदड़ से संबंधित जानकारी के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर — 18003455678 — जारी किया है.
एहतियाती उपाय के तौर पर पुलिस ने सुरुचि संघ, चेतला अग्रणी और कई अन्य बड़े पूजा पंडालों को दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया है. टाला प्रत्यय ने घोषणा की है कि वह अगले आदेश तक दर्शनार्थियों के लिए बंद रहेगा.
इससे पहले भी, भारी भीड़ और भगदड़ जैसी स्थितियों के कारण कोलकाता के कई पूजा पंडालों को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा था. देशप्रिय पार्क, श्रीभूमि और कल्याणी के दुर्गा पूजा पंडालों में भी ऐसी ही स्थिति पैदा हुई थी.

