अमेरिका में चुनावी धोखाधड़ी के आरोप में 28 लोगों पर मुकदमा, दो भारतीय भी शामिल
'स्क्रोल' की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2024 में अवैध रूप से मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने और मतदान करने के आरोप में दो भारतीय नागरिकों समेत 28 ग्रीन कार्ड धारकों पर आरोप लगाए गए हैं. अमेरिकी न्याय विभाग ने (19 अक्टूबर 2026) सोमवार को इसकी जानकारी दी. दोनों भारतीय नागरिकों की पहचान अमनदीप कौर और कमलेश शाह के रूप में हुई है. हालांकि, विभाग के बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि दोनों को सोमवार को हुई गिरफ्तारियों के दौरान हिरासत में लिया गया था या नहीं.
अमेरिका में ग्रीन कार्ड विदेशी नागरिकों को स्थायी रूप से रहने और काम करने की अनुमति देता है, लेकिन इसके धारकों को चुनाव में मतदान करने का अधिकार नहीं होता. अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, कैलिफोर्निया में चुनाव संबंधी अपराधों के आरोप में 28 ग्रीन कार्ड धारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इनमें से 11 लोगों को राज्य के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया.
अमनदीप कौर और कमलेश शाह पर क्या हैं आरोप?
अमेरिकी न्याय विभाग के बयान के अनुसार, कमलेश शाह ने नवंबर 2024 में राष्ट्रपति चुनाव के दिन कथित तौर पर धोखाधड़ी से मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया और इसके बाद मतदान किया.
वहीं, अमनदीप कौर पर दिसंबर 2022 में अवैध रूप से मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने और नवंबर 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने का आरोप है. रिपोर्ट के मुताबिक, कौर अमेरिकी नागरिकता हासिल करने की प्रक्रिया में हैं.
दोनों भारतीय नागरिकों पर गंभीर आपराधिक आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, उपलब्ध बयान में यह नहीं बताया गया कि वे उन 11 लोगों में शामिल हैं या नहीं, जिन्हें सोमवार को गिरफ्तार किया गया.
पांच साल तक की जेल का प्रावधान
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, नागरिकता आवेदन में गलत जानकारी देने और धोखाधड़ी से मतदाता पंजीकरण कराने जैसे अपराध गंभीर श्रेणी में आते हैं. इन आरोपों में दोषी पाए जाने पर अधिकतम पांच साल तक की संघीय जेल की सजा हो सकती है.
विभाग ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी चुनावों में धोखाधड़ी को रोकने और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है.
अमेरिका के कार्यवाहक उप अटॉर्नी जनरल ट्रेंट मैककॉटर ने कहा कि कैलिफोर्निया को डाक मतपत्रों की गिनती से पहले मतदाताओं की नागरिकता का सत्यापन करना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि प्रत्येक अवैध वोट किसी अमेरिकी नागरिक के वैध वोट के प्रभाव को कम करता है.

