टिफिन में गोमांस: नाबालिग छात्र हिरासत में, माँ गिरफ्तार, 5 मुस्लिम छात्रों पर निष्कासन की तलवार
असम के गोलपारा जिले के एक सरकारी स्कूल में कक्षा 9 के एक मुस्लिम छात्र द्वारा टिफिन में बीफ (गोमांस) लाने और उसे अपने दो हिंदू सहपाठियों को खिलाने के कथित प्रयास को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. यह घटना 5 जून को हुई थी, जिसे शुरुआत में स्कूल स्तर पर सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन बच्चों द्वारा घर पर जानकारी देने के बाद मामला सांप्रदायिक रूप से गर्मा गया.
सुकृता बरुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में दो हिंदू छात्रों के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने टिफिन लाने वाले नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर किशोर अदालत में पेश किया है, जबकि उसकी एकल माँ को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में शामिल चार अन्य मुस्लिम छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है.
विवाद बढ़ने पर जिला उपायुक्त प्रदीप तिमुंग और एसएसपी ने स्कूल का दौरा किया. प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और स्कूल में मांसाहार (मछली-मांस) लाने पर प्रतिबंध लगाते हुए केवल अंडे या शाकाहारी भोजन की अनुमति दी है. स्कूल प्रबंधन विकास समिति और स्थानीय संगठनों की बैठक में पांचों मुस्लिम छात्रों को निष्कासित करने पर आम सहमति बनी है, जिस पर अंतिम निर्णय मंगलवार को होना है.

