मणिपुर: 6 नागा लोगों के शव बरामद होने के बाद सशस्त्र हमलावरों द्वारा दो कुकी लोगों की गोली मारकर हत्या, घर फूंके
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध सशस्त्र हमलावरों ने गुरुवार (11 जून, 2026) को मणिपुर के कामजोंग जिले के एक गाँव पर हमला कर दिया, जिसमें दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई और कई घरों को आग लगा दी गई. दोनों मृतक कुकी समुदाय के बताए जाते हैं.
‘पीटीआई’ के मुताबिक, यह घटना कांगपोकपी जिले में छह नागा नागरिकों के शव बरामद होने के एक दिन बाद हुई है. आशंका जताई जा रही है कि ये शव उन लोगों के थे जिन्हें सशस्त्र समूहों ने बंधक बना रखा था. इस हत्या पर कांग्रेस नेता डॉ. लमथिनथांग हाओकिप ने दावा किया कि "कुलतुह चर्च के हेड डीकन और युवा विभाग के अध्यक्ष की बेरहमी से हत्या कर दी गई."
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थिति को नियंत्रित करने में सरकार की नाकामी "सहनशीलता से परे" है.
पुलिस ने बताया कि कुलतुह कुकी नामक एक छोटे से गाँव पर हमलावरों ने सुबह करीब 4.55 बजे हमला किया, जिसके दौरान दो लोगों की मौत हो गई.
अधिकारी ने बताया कि म्यांमार के साथ सीमावर्ती क्षेत्र के पास स्थित लगभग 30 घरों को भी जला दिया गया. सुरक्षा बल सुदूर गाँव में पहुँच चुके हैं, लेकिन अपराधियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
कुकी बैपटिस्ट कन्वेंशन ने इन हत्याओं की निंदा की है और अधिकारियों से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए "निर्णायक और व्यापक कदम" उठाने का आग्रह किया है.

