मप्र में भाजपा के तीनों राज्यसभा उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाने पर कांग्रेस ने लगाया ‘सीट चोरी’ का आरोप

कांग्रेस ने गुरुवार (11 जून) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर "सीट चोरी" का आरोप लगाया और कहा कि भगवा पार्टी के लिए चुनाव जीतने से ज्यादा आसान उन्हें फिक्स (तय) करना है. विपक्षी दल ने यह भी घोषणा की कि वह मध्य प्रदेश से अपनी राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के खिलाफ राजनीतिक और कानूनी रूप से लड़ाई लड़ेगा.

‘द वायर’ के अनुसार, कांग्रेस का यह बयान नई दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक संगठनात्मक बैठक के बाद आया, ठीक उसी समय जब मध्य प्रदेश में भाजपा के तीनों राज्यसभा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए. चुने गए तीन भाजपा उम्मीदवारों में राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल और राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष महेश केवट शामिल हैं.

‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, भाजपा मध्य प्रदेश ने कहा कि तीनों उम्मीदवारों को उनके प्रमाण पत्र मिल गए हैं. नटराजन का नामांकन 8 जून को कथित तौर पर अपने हलफनामे में अपने खिलाफ लंबित एक आपराधिक मामले का विवरण न देने के कारण रद्द कर दिया गया था.

एक बयान में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि "वोट चोरी और सरकार चोरी के बाद - भाजपा-चुनाव आयोग की जुगलबंदी ने सीट चोरी के साथ मुकाबला शुरू होने से पहले ही खत्म कर दिया है."

Previous
Previous

मणिपुर: 6 नागा लोगों के शव बरामद होने के बाद सशस्त्र हमलावरों द्वारा दो कुकी लोगों की गोली मारकर हत्या, घर फूंके

Next
Next

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 8 दिनों तक अवैध हिरासत में रखे गए मुस्लिम व्यक्ति को ₹2 लाख मुआवजा देने का आदेश दिया