सितंबर में भारत का कच्चा तेल आयात 7% बढ़ा, बिल में 47% का भारी उछाल
सप्तपर्णो घोष की ख़बर है कि अनंतिम (प्रोविजनल) सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम एशिया में नए सिरे से पनपे संघर्ष के बीच सितंबर में भारत का कच्चा तेल (क्रूड ऑयल) आयात बिल साल-दर-साल 47% बढ़कर 15.4 अरब डॉलर पर पहुँच गया.
पेट्रोलियम योजना एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ के आंकड़ों से पता चलता है कि सितंबर में कच्चा तेल आयात 7% बढ़कर 21.7 मिलियन मीट्रिक टन (एमएमटी) हो गया, भले ही तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की खेप में लगभग 8.5% की कमी आई, हालांकि आयात बिल लगभग स्थिर रहा.
आयात लागत में इस वृद्धि ने भारत के कुल (शुद्ध) तेल और गैस आयात बिल — जिसकी गणना कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और गैस के आयात में से पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात को घटाकर की जाती है — को महीने के दौरान 39.6% बढ़ाकर 13.4 अरब डॉलर कर दिया.
आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में पेट्रोलियम उत्पाद निर्यात 24.2% घटकर 4.7 एमएमटी रह गया, जबकि निर्यात से प्राप्त राजस्व लगभग 20% बढ़कर 4.8 अरब डॉलर हो गया.
इसके विपरीत, सितंबर में एलएनजी आयात पिछले साल के इसी महीने के 3,233 मिलियन मानक घन मीटर (एमएमएससीएम) से 8.5% घटकर 2,957 एमएमएससीएम रह गया. हालांकि, एलएनजी आयात बिल 1.2 अरब डॉलर पर लगभग अपरिवर्तित रहा.

