यूपी में योगी आदित्यनाथ ने मोदी को पीछे छोड़ा, 8 साल में ‘खुद का चेहरा’ चमकाने खर्चे ₹7,000 करोड़
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार (7 अगस्त 2026) को दावा किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने "कॉस्मेटिक फेशियल" पर ₹7,000 करोड़ खर्च करके एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है. बसंत कुमार की रिपोर्ट है कि विज्ञापन पर खर्च के मामले में योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पीछे छोड़ दिया है. यूपी सरकार ने 8 सालों में 6,812 करोड़ रुपये खर्च दिए हैं. जहां केंद्र की मोदी सरकार 11 साल में करीब 6 हजार करोड़ खर्च करती है तो वहीं यूपी की योगी सरकार मात्र 8 साल में 7 हजार करोड़ के करीब विज्ञापन पर खर्च कर चुकी है.
'एक्स' पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने "झूठी छवि को असली के रूप में पेश करने के लिए जनता के टैक्स के पैसे से" ₹7,000 करोड़ से अधिक खर्च कर दिए हैं. उन्होंने इसे "अत्यंत आपत्तिजनक" और "घोर निंदनीय" करार दिया, विशेषकर देश के सबसे बड़े राज्य के लिए, जो गरीबी, बेरोजगारी, आर्थिक मंदी, एमएसपी के मुद्दों और बिजली, पानी, सड़क व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "इसी राशि से हम अपने बच्चों और युवाओं का भविष्य बदलने के लिए 'केजी से पीजी और रिसर्च' तक शिक्षा प्रदान करने वाली दो-तीन विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित करते, और यूपी को प्रगति व समृद्धि के रास्ते पर ले जाकर एक 'नव भारत' का निर्माण करते!"
यादव के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने ‘पीटीआई’ से कहा, "राज्य सरकार का सूचना विभाग सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करता है. यह स्वाभाविक है कि सरकारी योजनाओं के प्रचार में मुख्यमंत्री की तस्वीर का उपयोग किया जाएगा. यह सरकारी योजनाओं का प्रचार है, ताकि लोगों में जागरूकता का स्तर बढ़े."

