सोनम वांगचुक का वजन 9 किलोग्राम से अधिक घटा, भूख हड़ताल के 19वें दिन हालत काफी नाजुक: सीजेपी

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने उपवास के उन्नीसवें दिन 9 किलोग्राम से अधिक वजन खो दिया है. गुरुवार (16 जुलाई, 2026) की सुबह उनकी शारीरिक स्थिति काफी कमजोर हो गई है. सीजेपी ने अपने बयान में कहा, "आज की चिकित्सकीय जांच (मेडिकल असेसमेंट) के अनुसार, सोनम वांगचुक का वजन और गिरकर 56.90 किलोग्राम पर आ गया है, जो कि उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की शुरुआत के बाद से अब तक 9 किलोग्राम से अधिक की कुल गिरावट को दर्शाता है." उनका ब्लड प्रेशर 101/65, पल्स रेट 72 धड़कन प्रति मिनट, ऑक्सीजन सैचुरेशन 98% और रैंडम ब्लड शुगर 89 दर्ज किया गया.

अरूण दीप की रिपोर्ट के अनुसार, वांगचुक लगातार डॉक्टरों की देखरेख में हैं. हालांकि वह शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो गए हैं, लेकिन वे अभी भी "मानसिक रूप से पूरी तरह सतर्क" हैं.

पार्टी ने कहा, "सीजेपी भारत सरकार से एक बार फिर अपील करती है कि वह प्रदर्शनकारियों से तुरंत बातचीत शुरू करे, परीक्षा सुधारों (एग्जामिनेशन रिफॉर्म्स) की लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान करे, और देश भर के छात्रों की बढ़ती चिंताओं पर ध्यान दे." पार्टी ने आगे जोड़ा, "पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी पुनः मांग करती है और नागरिकों से अपील करती है कि वे छात्रों तथा शिक्षा सुधारों के समर्थन में 20 जुलाई को होने वाले शांतिपूर्ण संसद मार्च में शामिल हों."

बता दें कि अब से पहले वांगचुक जनवरी 2023 में 5 दिन, सितंबर 2025 में 15 दिन, अक्टूबर 2024 में 16 दिन और मार्च 2024 में 21 दिन की भूख हड़ताल कर चुके हैं.

इस बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने वांगचुक से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की है. पार्टी ने कहा, “उनकी चिंताएं हमारी और अन्य सभी विपक्षी दलों की भी हैं.” आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने तो अनशन स्थल पर पहुँचकर वांगचुक से मुलाकात की और बाद में मीडिया से बात करते हुए सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धर्मेंद्र प्रधान को हटाकर वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बना देना चाहिए.  

Previous
Previous

पेट्रोल पंप मालिकों का दावा: एथेनॉल की नमी सोखने की प्रवृत्ति ईंधन को दूषित कर रही है

Next
Next

यशोवर्धन आज़ाद | अयोध्या में राम मंदिर आस्था से बना था. चोरी सिर्फ़ पैसे की नहीं, भरोसे की हुई है.