भारत में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं पर भीषण गर्मी का असर, 98% स्वास्थ्यकर्मियों ने की पुष्टि: अध्ययन

‘वेलकम’ के एक वैश्विक अध्ययन के अनुसार, भारत में सर्वेक्षण में शामिल 98% स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि उन्होंने ऐसी गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं का इलाज किया, जिनकी सेहत पर भीषण गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था. यह अध्ययन 13 नवंबर को तुर्किये के अंताल्या में आयोजित कॉप-31 जलवायु सम्मेलन के दौरान जारी किया गया.

अध्ययन में भारत, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील और जिम्बाब्वे के कुल 1,000 स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल किया गया. प्रत्येक देश से 200 लोगों ने सर्वेक्षण में हिस्सा लिया. भारत में 66% स्वास्थ्यकर्मियों ने पिछले पांच वर्षों के दौरान भ्रूण और नवजात शिशुओं में गर्मी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के मामलों में वृद्धि की बात कही, जबकि 62% ने गर्भवती महिलाओं में ऐसी जटिलताओं के बढ़ने की जानकारी दी. करीब 26% स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भावस्था के दौरान ऐसी जटिलताएं देखीं, जिनके लिए अतिरिक्त निगरानी या उपचार की जरूरत पड़ी.

स्वास्थ्यकर्मियों ने जन्म के समय कम वजन, भ्रूण के विकास में बाधा, शरीर में पानी की कमी और नवजात शिशुओं को दूध पिलाने में कठिनाई जैसी समस्याओं को अत्यधिक गर्मी के संभावित प्रभावों के रूप में बताया. पांचों देशों के संयुक्त आंकड़ों के अनुसार, 73% स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं में और 76% ने भ्रूण तथा नवजात शिशुओं में गर्मी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के बढ़ने की जानकारी दी.

‘वेलकम’ के जलवायु एवं स्वास्थ्य निदेशक एलन डांगूर ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के संपर्क में आने वाली गर्भवती महिलाओं में मृत शिशु के जन्म, समय से पहले प्रसव और जन्मजात असामान्यताओं का जोखिम बढ़ सकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि जलवायु परिवर्तन के साथ यह चुनौती और गंभीर होगी. इससे निपटने के लिए अभी से आवश्यक प्रक्रियाएं, दिशानिर्देश और स्वास्थ्य प्रणालियां तैयार करनी होंगी.

जलवायु वित्त का केवल 1% स्वास्थ्य क्षेत्र को

संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन के अनुकूलन कार्यक्रम के निदेशक यूसुफ नसेफ ने कहा कि औपचारिक जलवायु वित्त का केवल करीब 1% हिस्सा स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलता है. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी का गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है.

नसेफ ने जलवायु परिवर्तन के अनुकूलन के लिए तीन प्राथमिकताएं बताईं. इनमें जलवायु से जुड़ी मौतों और बीमारियों को रोकना, स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत बनाना और समुदायों को जलवायु परिवर्तन के स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों से निपटने के लिए तैयार करना शामिल है. उन्होंने देशों से स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों में मौजूद कमियों का आकलन करने और उन्हें दूर करने के लिए जरूरी वित्तीय संसाधनों की पहचान करने का आग्रह किया.

विशेषज्ञों ने बेहतर तैयारी पर दिया जोर

जॉर्ज इंस्टीट्यूट की शोधकर्ता कार्तिका कुमार ने कहा कि गर्मी से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों से निपटने के लिए केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर्याप्त नहीं है. इसके लिए शहरी नियोजन और सामुदायिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय भी जरूरी है.

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के सामाजिक चिकित्सा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रोफेसर राजीब दासगुप्ता ने कहा कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उभरती हुई चुनौती है और इस पर चिंता करना जरूरी है.

Previous
Previous

बिलकिस बानो मामला: सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें  जमानत दी

Next
Next

एसआईआर में नाम कटने के बाद फॉर्म-6 भरने वालों पर मुकदमा नहीं चलेगा: चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को बताया