‘क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं’, एलन मस्क ने पूछा; केंद्र ने पक्षपात से किया इनकार
दूरसंचार विभाग ने गुरुवार (8 अक्टूबर 2026) को उन आरोपों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि वह भारत में स्पेसएक्स की स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा की मंजूरियों में देरी करके उद्योगपतियों (ऑलिगार्क) को प्रतिस्पर्धा से बचा रहा है.
हालांकि, खरबपति एलन मस्क ने अपनी आलोचना को और तीखा करते हुए भारत में स्टारलिंक के लॉन्च का समर्थन करने वाली कई पोस्ट को आगे बढ़ाया और उद्योगपति मुकेश अंबानी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वे भारत के "असली बॉस" हैं.
‘द हिंदू’ ब्यूरो के मुताबिक, मस्क ने कहा, "स्टारलिंक भारत के उन क्षेत्रों के लिए काफी मददगार साबित होगा जहाँ इंटरनेट खराब है, बिल्कुल नहीं है या मोबाइल कवरेज भी नहीं है". "अमेरिका सहित किसी भी देश में सही/पूर्ण कवरेज नहीं है, लेकिन स्टारलिंक उन लोगों के लिए कवरेज के अंतर को भर सकता है जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है". उन्होंने सवाल किया, "स्टारलिंक को 165 से अधिक देशों में लाइसेंस मिला हुआ है और इसने भारत सरकार के हर एक कानून और आवश्यकता का अनुपालन करने में पांच साल बिताए हैं, फिर भी अभी तक लाइसेंस क्यों नहीं मिला?"
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी ‘एक्स’ पर इस बातचीत में शामिल हुए और कहा, "भारत में आपका स्वागत है, एलन. तब तक इंतजार करें जब तक आप दूसरे व्यक्ति के बारे में नहीं जान जाते". मस्क ने राहुल गांधी का धन्यवाद करते हुए जवाब दिया, "यह वास्तव में चिंताजनक है".

