जहाँ दिल्ली के निवासी गिरती वायु गुणवत्ता, कम दृश्यता (विजिबिलिटी) और सांस लेने में कठिनाई से जूझ रहे थे, वहीं 8 नवंबर को दिवाली के दिन नरेंद्र मोदी सरकार के कई केंद्रीय मंत्री राष्ट्रीय राजधानी से दूर अलग-अलग स्थानों पर मौजूद थे.
‘द टेलीग्राफ वेब डेस्क’ के अनुसार, मंत्रियों की उपस्थिति सिक्किम और मध्य प्रदेश से लेकर असम, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और यहाँ तक कि सऊदी अरब तक के स्थानों में थी, जबकि स्मॉग (धुंध) की एक मोटी परत ने दिल्ली को घेर लिया और 20 निगरानी स्टेशनों पर वायु प्रदूषण को 'गंभीर' श्रेणी में धकेल दिया.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सिक्किम के नाथू ला के पास शेराथांग का दौरा किया और युद्ध स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने वहाँ तैनात सैनिकों के साथ दिवाली भी मनाई.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के भोपाल में थे, जहाँ उन्होंने बताया कि उन्होंने दिवाली पर स्मार्ट सिटी पार्क में एक पौधा लगाया. रविवार शाम को भोपाल का एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 314 था.
पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि उन्होंने असम के डिब्रूगढ़ स्थित अपने घर पर दीये जलाए.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को सऊदी अरब के जेद्दा में हज वार्ताओं में भाग लिया. उन्होंने जेद्दा स्थित इंडिया हाउस में दिवाली समारोह के फुटेज भी साझा किए, हालाँकि पोस्ट में यह निर्दिष्ट नहीं था कि यह उत्सव कब आयोजित हुआ था.
रविवार को जहाँ असम का एक्यूआई 65 से 85 के बीच था, वहीं सऊदी अरब का एक्यूआई 73 दर्ज किया गया.
कानून और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि उन्होंने राजस्थान के बीकानेर स्थित अपने घर पर अपने परिवार के साथ दिवाली पूजा की. राज्य में वायु प्रदूषण का स्तर चरम पर पहुँच गया था, जहाँ एक्यूआई का स्तर 400 तक जा पहुँचा.
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित अपने घर पर अपने परिवार के साथ पूजा की (जहाँ एक्यूआई का स्तर लगभग 333 था).
युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से महाराष्ट्र के मुक्ताईनगर के कोठली गाँव में थीं, जहाँ उन्होंने कथित तौर पर खेत मजदूरों के परिवारों के साथ दिवाली मनाई.
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी कर्नाटक के हुब्बल्ली में थे.
रविवार को महाराष्ट्र का एक्यूआई लगभग 203 था, जबकि कर्नाटक का एक्यूआई लगभग 126 दर्ज किया गया.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिवाली की रात नागपुर जिले के सूखाग्रस्त लोहारी सावंगा गाँव में एक छोटे किसान के घर बिताई, जहाँ एक्यूआई का स्तर 217 था.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिवाली की रात गुजरात के अहमदाबाद स्थित अपने घर पर बिताई. खबरों के मुताबिक वहाँ एक्यूआई का स्तर 500 के पार पहुँच गया.
प्रधानमंत्री मोदी ने खुद रविवार का कुछ हिस्सा छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ बिताया. आईक्यू एयर के अनुसार, 8 नवंबर को बस्तर जिले में अनुमानित वायु गुणवत्ता 138 मापी गई थी.
दिल्ली में पाँच वर्षों की सबसे प्रदूषित दिवाली दर्ज की गई, जहाँ औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 376 रहा. सोमवार सुबह 10 बजे स्मॉग और कोहरे की चादर शहर पर छाए रहने के साथ इसमें मामूली सुधार ही हुआ और यह 371 दर्ज किया गया. सोमवार सुबह 10 बजे समग्र एक्यूआई 371 रहा, जो 2021 के बाद से दिवाली के बाद के दिन का सबसे उच्चतम स्तर है.

