खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा दायर एक दीवानी (सिविल) मामले में, न्यूयॉर्क की एक अदालत ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को कानूनी समन तामील (सौंपने) कराने के लिए दिल्ली की तीन जिला अदालतों से सहायता मांगी है.
न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिला न्यायालय के क्लर्क के अनुसार, ये समन शुक्रवार को फेडेक्स के माध्यम से पटियाला हाउस, तीस हजारी और द्वारका जिला अदालतों को भेजे गए. यह कदम अमेरिकी अदालत के 13 नवंबर के उस आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें हेग कन्वेंशन के तहत डोभाल और गोयल को समन जारी करने का निर्देश दिया गया था.
‘पीटीआई’ के मुताबिक, आदेश में, न्यायाधीश कैथरीन पोल्क फैल्ला ने भारतीय अदालतों से दोनों अधिकारियों को कानूनी दस्तावेज सौंपने की प्रक्रिया में सहयोग करने का अनुरोध किया है. आदेश में कहा गया है, "अदालत इस न्यायालय में लंबित इस दीवानी मुकदमे में प्रतिवादियों को समन तामील कराने में संबंधित भारतीय अदालतों से सम्मानपूर्वक सहायता का अनुरोध करती है."
गौरतलब है कि पन्नू आतंकवाद से जुड़े कई आरोपों में भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा वांछित है.
न्यायाधीश फैल्ला ने हेग कन्वेंशन और भारतीय दीवानी प्रक्रिया संहिता की प्रासंगिक धाराओं का हवाला देते हुए कहा कि विदेशी अदालतें भारतीय अदालतों के माध्यम से डोभाल और गोयल को समन तामील करा सकती हैं.
भारतीय दीवानी प्रक्रिया संहिता के तहत, भारत की केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित विदेशी दीवानी अदालतों द्वारा जारी किए गए समन भारतीय अदालतों को भेजे जा सकते हैं और उन्हें इस तरह तामील किया जा सकता है मानो वे उन्हीं अदालतों द्वारा जारी किए गए हों.
आदेश में कहा गया है कि हेग कन्वेंशन के तहत भारत के केंद्रीय प्राधिकरण के माध्यम से सामान्य तरीके से समन भेजने का प्रयास किया गया था, लेकिन उसे अस्वीकार कर दिया गया. इसके बाद अदालत ने हेग कन्वेंशन के अनुच्छेद 19 और भारत की दीवानी प्रक्रिया संहिता के तहत वैकल्पिक माध्यम से समन भेजने की अनुमति दी.
प्रतिबंधित संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' के कानूनी सलाहकार पन्नू ने अपनी हत्या के कथित प्रयास को लेकर हर्जाने की मांग करते हुए यह दीवानी मुकदमा दायर किया है. उसने डोभाल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उसकी हत्या के लिए भारत की विदेशी खुफिया एजेंसी से जुड़ी एक साजिश रची थी. पिछले महीने, अमेरिकी अदालत ने वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास को विदेश विभाग द्वारा जारी एक राजनयिक नोट के माध्यम से डोभाल और गोयल को समन भेजने का प्रयास किया था.
भारत ने पन्नू के इस मुकदमे को "मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण" बताते हुए खारिज कर दिया है.

