‘ऐसी कोई गंभीर जल्दबाज़ी नहीं’: सीजेआई सूर्यकांत ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के खिलाफ याचिका पर कहा

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (25 मई 2026) को 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के खिलाफ जांच की मांग करने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया. सीजेपी एक व्यंग्यात्मक डिजिटल संगठन है, जिसने हाल ही में सोशल मीडिया पर, मुख्य रूप से युवाओं के बीच, बड़े पैमाने पर समर्थन हासिल किया है.

सीजेपी की शुरुआत कथित तौर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्य कांत द्वारा 15 मई को एक अदालती सुनवाई के दौरान युवाओं के एक वर्ग को "कॉकरोच" (तिलचिट्टा) और "परजीवी" कहे जाने की टिप्पणियों के जवाब में की गई थी. याचिका में अदालती कार्यवाही के दौरान की गई मौखिक टिप्पणियों के कथित व्यावसायिक शोषण में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है.

‘टीएनआईई ऑनलाइन’ डेस्क के अनुसार, याचिका में फर्जी डिग्रियों का उपयोग करके वकालत करने वाले कथित फर्जी वकीलों के खिलाफ जांच की मांग की गई थी. न्यायिक कार्यवाही के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए, याचिका में दावा किया गया कि अदालत की कार्यवाही के दौरान की गई टिप्पणियों और आकलनों का उपयोग प्रचार अभियानों के लिए किया जा रहा था.

16 मई को, सीजेआई ने अपनी टिप्पणियों पर कड़ा स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा था कि वे उन मीडिया रिपोर्टों से "आहत" हैं जिनमें यह दिखाया गया कि उन्होंने युवाओं की आलोचना की थी.

याचिका में उल्लिखित मामलों में "कोई गंभीर जल्दबाज़ी नहीं" होने का अवलोकन करते हुए, सीजेआई सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की सदस्यता वाली सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील एन के गोस्वामी से इस मुद्दे को "इतना भावनात्मक रूप से" न लेने को कहा.

गोस्वामी ने दलील दी कि अपनी टिप्पणियों के संबंध में सीजेआई के स्पष्टीकरण के बावजूद, एक विकृत और दुर्भावनापूर्ण विमर्श (नैरेटिव) लगातार जारी है. इस पर सीजेआई ने कहा, "इसे इतनी भावुकता से मत लीजिए."

एक अन्य वकील ने दलील दी कि वे फर्जी कानून डिग्रियों के मुद्दे पर सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं और कहा कि अदालत के भीतर की बातचीत का उपयोग व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए नहीं किया जा सकता है. सीजेआई ने जवाब दिया, "ऐसी कोई गंभीर जल्दबाज़ी नहीं है. हम इसे देखेंगे." 

Previous
Previous

आर्थिक संकट के बीच अपना जिम बंद कर सकते हैं ‘मोहम्मद दीपक’; भाजपा, बजरंग दल पर उत्पीड़न का आरोप

Next
Next

सीबीएसई की गड़बड़ी बताने पर छात्र के पीछे पड़ा बीजेपी का आईटी सेल, उसे ‘पाकिस्तानी’ और ‘देश विरोधी’ बताया