भारी चूक के कारण भारत को एशियाई खेलों का ध्वजवाहक बदलना पड़ा, समय पर किट ही नहीं भेज पाया प्रबंधन
‘रॉयटर्स’ के अनुसार, जापान के नागोया में शनिवार को प्रारंभ हुए एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत को अपने पुरुष ध्वजवाहक को ऐन वक्त पर बदलना पड़ा, क्योंकि मूल रूप से चुने गए तजिंदरपाल सिंह तूर को उनकी आधिकारिक किट नहीं मिली है और वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते हैं.
गोला फेंक (शॉट पुट) में लगातार तीसरा एशियाई खेल स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य रख रहे तूर की जगह अब कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत पुरुष ध्वजवाहक होंगे. पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर महिला ध्वजवाहक हैं.
तूर ने कहा, “मुझे बताया गया है कि मेरी किट दोपहर 3 बजे हवाई अड्डे पर पहुंचेगी. हवाई अड्डे से अपनी किट प्राप्त करके समय पर उद्घाटन समारोह स्थल तक पहुंचना बहुत कठिन होगा. इसलिए, मैंने आईओए (भारतीय ओलंपिक संघ) को बता दिया है कि मैं उद्घाटन समारोह में नहीं आ रहा हूँ.”
"मेरी किट भारत में ही छूट गई है... आईओए ने मुझे कल ही मेरे ध्वजवाहक बनने के बारे में बताया था. अन्यथा मेरे कोच, जो कल यहाँ पहुँचे थे, वे इसे मेरे लिए ला सकते थे." वहीं भारतीय ओलंपिक संघ ने एक बयान में कहा कि 31 वर्षीय तूर "एक तकनीकी समस्या के कारण" भारत के ध्वजवाहक नहीं बन पाएंगे.

