पश्चिम बंगाल में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी को भगाने के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार
‘स्क्रोल’ के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं मुख्य आरोपी को फरार होने में मदद करने के आरोप में एक स्थानीय भाजपा पदाधिकारी को भी हिरासत में लिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, बच्ची शनिवार को लापता हुई थी, जिसके बाद उसके पिता ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. रविवार को सुरज्यापुर इलाके के एक तालाब से बोरे में बंद उसका शव बरामद हुआ. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, हत्या, साक्ष्य मिटाने और पॉक्सो कानून की संबंधित धाराएं जोड़ी हैं.
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. स्थानीय लोगों ने सड़क और रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन किया, टायर जलाए और पुलिस के कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की. इसी दौरान भीड़ ने दो संदिग्धों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी. हिंसा के बीच आरोपियों का कथित सहयोगी 26 वर्षीय एक व्यक्ति भी भीड़ के हमले में मारा गया, जिसकी पुलिस अलग से जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, भाजपा पदाधिकारी शांतनु मंडल पर आरोप है कि उन्होंने अफरातफरी का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी आनंद सरदार को भागने में मदद की. हालांकि पुलिस ने उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. मामले में दिवाकर सरदार और प्रवास मंडल को भी गिरफ्तार किया गया है.
जांच के लिए राज्य सरकार ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पिनाकी दत्ता की अगुवाई में छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है. हिंसा से जुड़े मामलों में भी पुलिस ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिनमें भीड़ द्वारा हत्या, रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पर हमले जैसी धाराएं शामिल हैं.
राज्य सरकार ने पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ मृत्युदंड की मांग करने का भरोसा जताया है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत अस्थायी प्रतिबंध लागू कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

