री-इवैल्यूएशन के बाद फरीदाबाद के दो सीबीएसई छात्रों के उन विषयों में भी घटे अंक, जिनकी समीक्षा नहीं कराई थी

हरियाणा के फरीदाबाद में सीबीएसई की री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. कक्षा 12 के दो छात्रों ने केवल कुछ विषयों में अंकों की दोबारा जांच के लिए आवेदन किया था, लेकिन संशोधित मार्कशीट में उन विषयों के भी अंक घटा दिए गए, जिनकी समीक्षा उन्होंने कराई ही नहीं थी. इस बदलाव के कारण दोनों छात्रों का परिणाम फिर से "रिपीट इन थ्योरी" हो गया और कॉलेज में दाखिले पर संकट खड़ा हो गया.

‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ के मुताबिक, दोनों छात्र फरीदाबाद के डीएवी पब्लिक स्कूल के हैं. पहले छात्र ने केवल रसायन विज्ञान और गृह विज्ञान में री-इवैल्यूएशन कराया था. इसके बाद रसायन विज्ञान के अंक 42 से बढ़कर 52 और गृह विज्ञान के अंक 70 से बढ़कर 79 हो गए. लेकिन संशोधित मार्कशीट में गणित के अंक, जिसमें री-इवैल्यूएशन नहीं कराया गया था, 46 से घटाकर 40 कर दिए गए. इससे छात्र का परिणाम फिर RT हो गया.

दूसरे छात्र ने केवल भौतिकी और कंप्यूटर साइंस में री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया था. दोनों विषयों में अंक बढ़े, लेकिन संशोधित मार्कशीट में रसायन विज्ञान के अंक 52 से घटाकर 43 कर दिए गए. इस विषय में भी पुनर्मूल्यांकन का अनुरोध नहीं किया गया था. अंक घटने से छात्र का परिणाम भी RT में बदल गया.

दोनों परिवारों ने सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि जिन विषयों के लिए री-इवैल्यूएशन नहीं कराया गया, उनके अंक बदलना गलत है. उन्होंने बोर्ड से तुरंत गलती सुधारने की मांग की है, क्योंकि विश्वविद्यालयों में दाखिले की अंतिम तिथि नजदीक है.

स्कूल ने भी सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक को पत्र लिखकर मामले की जांच और अंकों की दोबारा पुष्टि करने की मांग की है. स्कूल का कहना है कि सीबीएसई अधिकारियों ने अनौपचारिक रूप से इसे "नीतिगत मामला" बताते हुए कहा कि पहले दिए गए ग्रेस मार्क्स वापस लिए गए हैं. हालांकि स्कूल का कहना है कि ऐसी किसी नीति की जानकारी उन्हें नहीं दी गई और न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना जारी की गई.

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से दोनों छात्र और उनके परिवार गंभीर मानसिक तनाव में हैं. यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो दोनों छात्रों का एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है.

Previous
Previous

कानून का उल्लंघन: अडानी के मुंबई एयरपोर्ट स्टोर्स पर बिक रहे थे निकोटीन पाउच

Next
Next

पश्चिम बंगाल में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी को भगाने के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार