मध्यप्रदेश: तरबूज़ खाने के बाद व्यक्ति की मौत, बेटा गंभीर

मध्यप्रदेश के श्योपुर में एक तरबूज खाने के बाद बीमार पड़ने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर स्थिति में है.

मृतक की पहचान 43 वर्षीय इंद्र कुमार परिहार के रूप में हुई है, जो शाजापुर जिले के निवासी थे और श्योपुर में ड्राइवर के रूप में काम करते थे. वे यहाँ अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे. बता दें कि पिछले कुछ दिनों के भीतर तरबूज़ खाने के बाद मौत होने की यह तीसरी घटना है. इसके पहले मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों और छत्तीसगढ़ के जांजगीर में एक किशोर की तरबूज़ के सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी.

परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इंद्र कुमार और उनके 21 वर्षीय बेटे विनोद की तबीयत गुरुवार रात को खराब थी. शुक्रवार सुबह दोनों ने घर पर तरबूज खाया, जिसके तुरंत बाद उनका स्वास्थ्य तेजी से बिगड़ने लगा. स्थिति गंभीर होने पर परिवार के सदस्य पिता-पुत्र को श्योपुर जिला अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने इंद्र कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कोटा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. विनोद की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.

‘इंडिया टुडे’ के मुताबिक, इंद्र कुमार परिहार के परिवार में उनकी पत्नी संगीता, बेटे विनोद, राजा और देवा, तथा परिवार की एक अन्य सदस्य राधिका हैं, जो उनके साथ रहती थीं.

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आर.बी. गोयल ने बताया कि शुक्रवार सुबह दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्होंने आगे कहा कि अधिकारियों ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि मौत तरबूज खाने से हुई है; उन्होंने संभावना जताई कि मरीज पेट के संक्रमण से पीड़ित हो सकते हैं. डॉक्टर चिकित्सा परीक्षण कर रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही सटीक कारण का पता चल सकेगा. इस घटना के बाद लोगों ने फल में संभावित जहरीले पदार्थों या रसायनों की मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा.

Previous
Previous

अमित शाह पर चुनावी टिप्पणी मामले में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर, गैर-जमानती धाराएं भी लगीं

Next
Next

बेटे के केस में बंदी संजय ने मीडिया पर की कार्रवाई