बांग्लादेश के पीएम की भारत यात्रा पर अभी कोई फैसला नहीं: ढाका

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है, उनके प्रेस सचिव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. इससे पहले भारतीय मीडिया में खबरें आई थीं कि रहमान 23 से 25 अगस्त तक नई दिल्ली का दौरा करेंगे.

‘रॉयटर्स’ के अनुसार, फरवरी में पदभार संभालने के बाद से रहमान की नई दिल्ली की पहली यात्रा को लेकर दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसी देश हफ्तों से बातचीत कर रहे हैं.  दोनों देश बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को 2024 में पद से हटाए जाने के बाद उपजे तनावपूर्ण संबंधों को सुधारने पर काम कर रहे हैं. छात्र-नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शनों के बाद हसीना भारत भाग गई थीं और तब से वहां निर्वासित जीवन जी रही हैं। ढाका ने बार-बार नई दिल्ली से उनके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया है, जबकि भारत ने कहा है कि वह इस अनुरोध की जांच कर रहा है.

रहमान के प्रेस सचिव ए. ए. एम. सालेह ने रॉयटर्स से कहा, "यात्रा पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है." उन्होंने आगे कहा कि ढाका, हसीना और "अन्य फरार अपराधियों" के प्रत्यर्पण पर भारत के जवाब का इंतजार कर रहा है.

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक नियमित मीडिया ब्रीफिंग में पत्रकारों को बताया कि विदेश मंत्रालय के पास इस यात्रा पर टिप्पणी करने के लिए कुछ नहीं है.

रहमान की छह महीने पुरानी सरकार ने सत्ता में आने के बाद से भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने की कोशिश की है, लेकिन उसने पिछले हफ्ते यह संकेत दिया था कि यात्रा के लिए अधिक अनुकूल राजनयिक माहौल की आवश्यकता है. यह बयान हसीना द्वारा पत्रकारों को संबोधित किए जाने के कुछ दिनों बाद आया, जिसकी ढाका ने कड़े शब्दों में निंदा की थी.

अपनी सरकार के खिलाफ हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद बांग्लादेश छोड़ने के लिए मजबूर हुईं हसीना को छात्र-नेतृत्व वाले विद्रोह पर घातक कार्रवाई का आदेश देने के आरोप में नवंबर में उनकी अनुपस्थिति (इन एब्सेंशिया) में मौत की सजा सुनाई गई थी.

उन्होंने इन आरोपों का खंडन करते हुए इन्हें राजनीति से प्रेरित बताकर खारिज कर दिया है और पत्रकारों से कहा है कि वह दिसंबर में अपने देश वापस लौटेंगी.

Previous
Previous

राहुल गांधी के धरने के बाद, दिल्ली विरोध प्रदर्शन में पेलेट गन के इस्तेमाल पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

Next
Next

राष्ट्रपति भवन ने बांग्लादेश के पीएम के स्वागत अभ्यास का नोटिस वापस लिया, कूटनीतिक तनाव उजागर