छात्रों द्वारा सीजेआई को आमंत्रित करने का विरोध; एनएलएसयूआई बेंगलुरु ने दीक्षांत समारोह रद्द किया
‘पीटीआई’ के अनुसार, एनएलएसयूआई ने गुरुवार को "अपरिहार्य परिस्थितियों" का हवाला देते हुए 2026 के स्नातक बैच के लिए अपने 34वें वार्षिक दीक्षांत समारोह को रद्द कर दिया. यह घटनाक्रम बेंगलुरु स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (एनएलएसयूआई) के छात्रों और पूर्व छात्रों द्वारा 12 सितंबर को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्य कांत और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा के शामिल होने का विरोध करने के कुछ दिनों बाद सामने आया है. स्नातक होने वाले छात्रों को संबोधित एक पत्र में, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ने कहा कि 3 अगस्त, 2026 को शैक्षणिक प्रशासन टीम ने स्नातक छात्रों को वार्षिक दीक्षांत समारोह की प्रस्तावित तिथि के रूप में 12 सितंबर, 2026 की अग्रिम सूचना ईमेल की थी.
पत्र में कहा गया, "हमारे सामूहिक सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद, अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण, हम 34वां वार्षिक दीक्षांत समारोह आयोजित करने में असमर्थ हैं." विश्वविद्यालय ने कहा कि गवर्निंग बॉडीज से उचित मंजूरी के बाद सभी स्नातक छात्रों को अनुपस्थिति में उनकी डिग्री प्रदान की जाएगी.
15 अगस्त के एक बयान में, छात्रों और पूर्व छात्रों ने नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, हैदराबाद के छात्रों के नामांकन को रोकने के बीसीआई के वापस ले लिए गए आदेश की निंदा की थी और नालसार के छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त की थी. उन्होंने कहा था कि नालसार के छात्रों ने सत्ता के सामने सच बोलने में अनुकरणीय साहस और नैतिक दृढ़ता दिखाई है.

