“हेलो नेता, मंत्री!! अपने आपको भगवान समझ लिया है क्या? आपको शर्म नहीं आती, बदलाव ही शाश्वत नियम है”
गायक अरिजीत सिंह ने मंगलवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया और सोमवार को संसद की ओर निकाले गए ‘चलो संसद मार्च’ के दौरान पुलिस की बर्बर कार्रवाई की आलोचना की.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरिजीत ने ‘एक्स’ पर लिखा, "यार अब तो स्टूडेंट्स को मार रहे हैं यहाँ आप लोग. क्या आपको शर्म नहीं आती!!??"
इसके बाद उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए एक और पोस्ट किया, "हेलो नेता, मंत्री !! क्या चल रहा है भाई!! अपने आप को भगवान समझ लिया है क्या ?"
‘द टेलीग्राफ’ एंटरटेनमेंट वेब डेस्क के अनुसार, गायक ने चेतावनी देते हुए यह भी लिखा, "हर चीज़ याद रखा जाएगा! हर हर महादेव! याद रखना. बदलाव ही एकमात्र शाश्वत नियम है".
यह पहली बार नहीं है जब अरिजीत ने किसी राजनीतिक मुद्दे पर आवाज उठाई हो. 2024 में, पुलिस की कथित निष्क्रियता और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोलकाता में हुए व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बीच, उन्होंने आरजी कर बलात्कार पीड़िता के लिए न्याय की मांग करते हुए एक बंगाली गाना जारी किया था. उस समय फेसबुक पर यह गाना साझा करते हुए अरिजीत ने लिखा था, "हमारा यह गाना देश भर के उन डॉक्टरों की आवाज़ को प्रतिध्वनित करता है, जो तमाम खतरों के बावजूद अथक प्रयास से सेवा करते हैं."
उल्लेखनीय है कि शिक्षा क्षेत्र में अनियमितताओं, विशेष रूप से नीट पेपर लीक के आरोपों को लेकर सीजेपी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं. इस महीने की शुरुआत में, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक इस आंदोलन में शामिल हुए थे और उन्होंने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू की थी. हालांकि, शनिवार को दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें जबरन प्रदर्शन स्थल से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था. और आज मंगलवार (21 जुलाई 2026) को दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें मेदांता अस्पताल में शिफ्ट करने की अनुमति दे दी.
यह भी बता दें कि अब तक फिल्मी दुनिया के ऋतिक रोशन, दिलजीत दोसांझ, वीर दास, दिया मिर्जा, नसीरुद्दीन शाह, सोनाक्षी सिन्हा, ज़ीनत अमान, प्रकाश राज और शबाना आजमी सहित कई मशहूर हस्तियों ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है.

