तृणमूल छोड़ने के महीनों बाद, यूसुफ पठान को विवादित जमीन के लिए गुजरात सरकार से मिली मंजूरी
यूसुफ पठान के ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से अलग होने के दो महीने बाद, गुजरात सरकार ने पूर्व क्रिकेटर को वडोदरा नगर निगम (वीएमसी) का विवादित 978 वर्ग मीटर का भूखंड (प्लाट) आवंटित करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए उन्हें दो साल पहले अतिक्रमण का नोटिस जारी किया गया था.
भारतीय जनता पार्टी द्वारा नियंत्रित वीएमसी ने जून 2024 में पठान को यह नोटिस जारी किया था, जब उन्होंने टीएमसी के टिकट पर पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट जीती ही थी. जून 2026 में, बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के एक महीने बाद, पठान उन 20 टीएमसी सांसदों में शामिल थे जो पार्टी से अलग हो गए और उन्होंने वस्तुतः अज्ञात 'राष्ट्रवादी सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया' (एनसीपीआई) में विलय कर लिया.
अदिति राजा रिपोर्ट के अनुसार, वीएमसी के लैंड एस्टेट विभाग द्वारा तैयार किए गए भूखंड के आवंटन का प्रस्ताव सोमवार को नागरिक निकाय की स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के एजेंडे में औपचारिक रूप से शामिल किया गया.
वीएमसी का प्रस्ताव गुजरात सरकार के उस संकल्प (रेजोल्यूशन) पर आधारित है, जिसमें पठान को भूखंड के आवंटन की मंजूरी दी गई है. सरकार का संकल्प, जिस पर 13 अगस्त की तारीख अंकित थी, 29 अगस्त को वीएमसी पहुंचा. इससे ठीक दो दिन बाद, 31 अगस्त को, पठान ने भूखंड आवंटन के अपने पूर्व के दावे को खारिज किए जाने के खिलाफ गुजरात उच्च न्यायालय से अपनी अपील वापस ले ली थी.
सरकारी संकल्प में कहा गया है कि भूखंड का 500 वर्ग मीटर हिस्सा पठान को आवासीय उपयोग के लिए उपहार के रूप में आवंटित किया जाएगा, और शेष 478 वर्ग मीटर हिस्सा वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण (वीयूडीए) की मूल्यांकन समिति द्वारा 17 मार्च 2026 को किए गए मूल्यांकन के 55% की रियायती दर पर स्थानांतरित किया जाएगा.
संकल्प में कहा गया है कि यह व्यवस्था "एक मिसाल के रूप में नहीं गिनी जाएगी", और राज्य का राजस्व विभाग वीएमसी को उस भूमि के मूल्य के बराबर भूमि आवंटित करेगा, जो नागरिक निकाय द्वारा पठान को हस्तांतरित की गई है.
टाउन प्लानिंग स्कीम नंबर 22, फाइनल प्लॉट नंबर 90 के तहत तांदलजा में स्थित यह प्लॉट, पठान परिवार के प्रसिद्ध सफेद बंगले के बगल में स्थित है, जहां यूसुफ और उनके छोटे भाई, पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान, अपने परिवारों और माता-पिता के साथ रहते हैं.
इस साल जुलाई में, वीएमसी की सर्वोच्च कार्यकारी संस्था स्थायी समिति ने भूखंड की सार्वजनिक नीलामी की तैयारी शुरू कर दी थी और 2.10 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर के मूल्यांकन को मंजूरी दी थी — जिससे भूखंड का अनुमानित मूल्य लगभग 20.5 करोड़ रुपये हो गया था.

