‘हरकारा डीप डाइव’ के इस विशेष संवाद में वरिष्ठ पत्रकार श्रवण गर्ग ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा से उनके हालिया बयानों को लेकर शुरू हुए विवाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके पुराने व्यक्तिगत संबंधों, फोन टैपिंग के दावों और कांग्रेस में उनकी भूमिका पर बातचीत की. इस दौरान पित्रोदा ने स्पष्ट किया कि उनके बयानों को गलत संदर्भ में पेश किया गया है और उनका कांग्रेस छोड़ने या किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है.
शुरुआत में पित्रोदा ने कहा कि उन्होंने यह बातचीत केवल श्रवण गर्ग के प्रति सम्मान के कारण स्वीकार की है. उनके मुताबिक, उन्होंने राहुल गांधी के फोन टैप होने के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की थी. उन्होंने केवल अपने फोन, लैपटॉप और बैंक खाते की निगरानी किए जाने की आशंका जताई थी. पित्रोदा ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका फोन कौन टैप कर रहा है. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोई भूमिका है या नहीं, इसका भी उनके पास कोई प्रमाण नहीं है.
मोदी के साथ अपने पुराने संबंधों के बारे में उन्होंने बताया कि करीब 15-20 साल पहले उनके और उनकी पत्नी के प्रधानमंत्री मोदी के साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंध थे. उस दौरान उनकी मुलाकातें होती थीं और वे साथ भोजन भी करते थे. हालांकि, पित्रोदा के अनुसार, मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से उनकी उनसे न तो मुलाकात हुई और न ही कोई बातचीत. प्रधानमंत्री बनने पर उन्होंने केवल औपचारिक शिष्टाचार के तहत फोन करके उन्हें बधाई दी थी. हाल ही में मोदी की ओर से नए साल की शुभकामनाएं मिलने पर उन्होंने भी शिष्टाचारवश जवाब दिया. पित्रोदा ने सवाल उठाया कि एक सामान्य व्यक्तिगत संबंध को राजनीतिक विवाद में क्यों बदला जा रहा है.
कांग्रेस छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास करते हैं और खुद को पार्टी की राजनीतिक परंपरा का हिस्सा मानते हैं. उनके मुताबिक, कांग्रेस की मूल विचारधारा सत्य, विश्वास, प्रेम, विविधता, समानता, न्याय और गरीबों के प्रति संवेदनशीलता पर आधारित है. उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्तिगत संबंधों और राजनीतिक मतभेदों को अलग-अलग रखना चाहिए. किसी से मित्रता होने का अर्थ यह नहीं है कि उसके सभी राजनीतिक विचारों से भी सहमति हो.
राहुल गांधी के बारे में पित्रोदा ने कहा कि वे नई पीढ़ी के नेता हैं और अपनी टीम के साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने राहुल को साहसी बताते हुए कहा कि कई कानूनी मामलों और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद वे अपनी लड़ाई जारी रखे हुए हैं. अमेरिका में राहुल गांधी के कार्यक्रमों का बचाव करते हुए पित्रोदा ने कहा कि विदेश यात्राओं की योजना काफी पहले बनाई जाती है. उनके मुताबिक, भारतीय लोकतंत्र और कांग्रेस की विचारधारा को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सामने रखना भी राहुल की जिम्मेदारी है.
भारत की राजनीतिक स्थिति पर बातचीत के दौरान पित्रोदा ने आरोप लगाया कि देश की संस्थाओं पर नियंत्रण बढ़ रहा है और मीडिया स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और अलग-अलग विचारों के लिए जगह होनी चाहिए. तेलंगाना में आयोजित बहस सम्मेलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अलग-अलग विचारों को सुनना लोकतांत्रिक व्यवस्था की ताकत है.
युवाओं की भूमिका पर उन्होंने कहा कि जेन जी रोजगार, बेहतर शिक्षा, स्वच्छ हवा, साफ पानी और अपने भविष्य को लेकर सवाल उठा रही है. उनके अनुसार, सरकारों को इन बुनियादी जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए. चुनाव की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका पर भी उन्होंने चिंता जताई. पित्रोदा ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना न्यायपालिका की नैतिक जिम्मेदारी है.
अंत में उन्होंने फिर दोहराया कि वे कांग्रेस छोड़ने वाले नहीं हैं और न ही किसी दूसरी पार्टी में शामिल होने की उनकी कोई योजना है. उन्होंने खुद को कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके बयानों को अनावश्यक रूप से विवाद का विषय बनाया जा रहा है.
पूरी बातचीत हरकारा रोज़ाना के यूट्यूब चैनल पर देख/सुन सकते हैं.

