राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तंज़: ‘चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के घर पर ताला लगाने की चाल’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार (17 जून, 2026) को टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए जाने के बाद केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सरकार की यह "नई चाल" चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के घर पर ताला लगाने जैसी है.
‘पीटीआई’ के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हिंदी में किए गए एक पोस्ट में गांधी ने कहा, "टेलीग्राम बैन — पेपर लीक रोकने के लिए मोदी सरकार का नया पैंतरा. यानी, चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के दरवाजे पर ताला लगा दो."
उन्होंने आगे कहा, "लाखों छात्र सालों से टेलीग्राम पर पढ़ाई कर रहे हैं — नोट्स, टेस्ट सीरीज़, चर्चाएँ, तैयारी. उस सुविधा को छीन लेना पेपर लीक का समाधान कैसे हो गया? और यह तरीका पूरी तरह सुरक्षित (फूलप्रूफ) भी नहीं है — देश का हर छात्र यह जानता है, और पेपर लीक माफिया भी. तो, अगला प्रतिबंध किस पर होगा? व्हाट्सएप पर?"
राहुल गांधी ने कहा, "परीक्षा के दिन छात्रों की तलाशी ली जाएगी. कैंची से जेबें काटी जाएंगी. वायुसेना के जरिए प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे. ड्रामेबाजी में कोई कमी नहीं होगी. लेकिन बीमारी की जड़ पर एक भी वार नहीं होगा — क्योंकि पेपर लीक माफिया इसी सरकार की नाक के नीचे फल-फूल रहा है और युवाओं को खून के आंसू रुला रहा है. मोदी जी — नौटंकी छोड़िए. माफिया पर वार कीजिए, छात्रों पर नहीं."
गांधी ने कहा कि "छात्रों की गूंज" सुनिए — वरना देश के युवा अपने हक की लड़ाई लड़ना अच्छी तरह जानते हैं.
उन्होंने कहा, "कल, सीकर में उमेश और देहरादून में रिया—दोनों ने री-नीट के दबाव में आकर अपनी जान दे दी. 22 और 23 साल के बच्चे—जिन्हें अपने सपनों के खुले आसमान में उड़ान भरनी थी—वे इस अन्यायपूर्ण व्यवस्था से हार गए. ये मौतें एक टूटी हुई, भ्रष्ट व्यवस्था का परिणाम हैं."

