चंद्रभूषण | यह आंदोलन अपने राजनीतिक परिणामों से ज्यादा नागरिक चेतना में बदलाव के लिए याद किया जाएगा
20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जो कुछ हुआ, उसे केवल पुलिस कार्रवाई या एक विरोध प्रदर्शन के रूप में नहीं देखा जा सकता. हरकारा डीप डाइव के इस एपिसोड में वरिष्ठ पत्रकार, कवि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े चंद्रभूषण ने उस दिन की अपनी आंखों देखी साझा की. वे न केवल आंदोलन स्थल पर मौजूद थे, बल्कि पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों में भी शामिल थे.
चंद्रभूषण के अनुसार, यह आंदोलन अपने स्वरूप में असाधारण था. पिछले कई दिनों से वे सोनम वांगचुक और अन्य अनशनकारियों के आंदोलन से जुड़े हुए थे और लगातार जंतर-मंतर आ-जा रहे थे. 19 जुलाई की रात उन्हें इस बात की आशंका थी कि आंदोलन को बलपूर्वक हटाने की कोशिश हो सकती है, इसलिए वे देर रात तक आंदोलन स्थल के आसपास मौजूद रहे.
20 जुलाई की सुबह जब वे जंतर-मंतर पहुंचे, तो वहां की पुलिस व्यवस्था ने उन्हें सबसे अधिक विचलित किया. उनके मुताबिक, पुलिस ने दोनों तरफ ऊंचे बैरिकेड लगाकर हजारों लोगों की आवाजाही के लिए महज एक से डेढ़ फुट का रास्ता छोड़ा था. उनका कहना है कि यदि उस भीड़ में भगदड़ मचती, तो सैकड़ों लोगों की जान जा सकती थी.
उनका दावा है कि आंदोलन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू उसकी स्वतःस्फूर्त प्रकृति थी. यह किसी राजनीतिक दल या पारंपरिक संगठन द्वारा संचालित आंदोलन नहीं था. बड़ी संख्या में ऐसे छात्र और युवा वहां पहुंचे थे, जिन्होंने इससे पहले कभी किसी राजनीतिक आंदोलन में हिस्सा नहीं लिया था. वे किसी विचारधारा या संगठन से नहीं जुड़े थे, बल्कि परीक्षा व्यवस्था और अपने भविष्य को लेकर आक्रोशित थे.
चंद्रभूषण को पुलिस ने उस समय हिरासत में लिया जब वे प्रेस क्लब जाने की कोशिश कर रहे थे. उन्हें अन्य युवाओं के साथ पहले बुराड़ी थाने और बाद में छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया. उनके अनुसार, वहां मौजूद लगभग 90 प्रतिशत लोग 20 से 30 वर्ष आयु वर्ग के थे और उनमें से अधिकांश किसी राजनीतिक संगठन से जुड़े नहीं थे. कई छात्र घायल थे, लेकिन उनमें निराशा नहीं, बल्कि एक तरह का आत्मविश्वास दिखाई दे रहा था.
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल लाठीचार्ज तक सीमित नहीं थी. उनके अनुसार, सादे कपड़ों में मौजूद कुछ लोग भी पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों को पीटते दिखाई दिए. उन्होंने मांग की कि सरकार स्पष्ट करे कि ऐसे लोग कौन थे और किस कानूनी अधिकार के तहत वे आंदोलनों के दौरान कार्रवाई करते हैं.
बातचीत के दौरान निधीश त्यागी ने आंदोलन की रणनीति, सोनम वांगचुक और तथाकथित "कॉकरोच पार्टी" की भूमिका पर भी सवाल उठाए. इस पर चंद्रभूषण ने कहा कि किसी भी बड़े जन आंदोलन में केवल एक छोटा हिस्सा वैचारिक और संगठित होता है, जबकि अधिकांश लोग किसी एक मुद्दे को लेकर स्वतः जुड़ते हैं. उनके अनुसार, ऐसे आंदोलनों में वैचारिक विविधता स्वाभाविक है और यही उनकी ताकत भी होती है.
सरकार के रवैये पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक संकट नहीं, बल्कि सत्ता प्रतिष्ठान के लिए एक अनपेक्षित स्थिति है. उनके अनुसार, सरकार उन आंदोलनों से निपटने की आदी रही है जो संगठित राजनीतिक ढांचे के भीतर संचालित होते हैं, लेकिन यह आंदोलन सोशल मीडिया से निकलकर सड़कों तक पहुंचा एक नया सामाजिक-राजनीतिक प्रयोग है.
चंद्रभूषण का मानना है कि इस आंदोलन की सबसे बड़ी उपलब्धि शायद उसकी तत्काल राजनीतिक सफलता नहीं होगी, बल्कि उन युवाओं का बदल जाना होगा जो पहली बार सड़कों पर उतरे हैं. उनके शब्दों में, "सर कुछ बदले चाहे न बदले, हम तो बदल गए."
उनके अनुसार, यही किसी भी लोकतांत्रिक आंदोलन की सबसे महत्वपूर्ण शुरुआत होती है. आंदोलन खत्म हो सकते हैं, सरकारें बदल सकती हैं, लेकिन यदि नागरिक बदल जाएं तो उसका प्रभाव राजनीति और समाज दोनों पर लंबे समय तक दिखाई देता है.पूरी बातचीत यहां सुन सकते हैं.

