कॉकरोच जनता पार्टी ने पत्रकार, फिल्ममेकर और मैकिन्से के पूर्व सलाहकार को प्रवक्ता नियुक्त किया
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मंगलवार को एक पत्रकार, एक फिल्ममेकर और एक पूर्व प्रबंधन सलाहकार (मैनेजमेंट कंसलटेंट) सहित तीन प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है. पार्टी शिक्षा व्यवस्था में कथित विफलताओं को लेकर होने वाले एक नियोजित विरोध प्रदर्शन से पहले लोगों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है.
‘पीटीआई’ के अनुसार, अभिजीत दिपके द्वारा स्थापित इस संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इन नियुक्तियों की घोषणा करते हुए बताया कि खोजी पत्रकार सौरव दास इसके मुख्य प्रवक्ता के रूप में कार्य करेंगे, जबकि राजनीतिक शोधकर्ता व फिल्ममेकर विजेता दहिया और पूर्व प्रबंधन सलाहकार आशुतोष रांका जनता और मीडिया के सामने संगठन का प्रतिनिधित्व करेंगे. संगठन ने कहा, "सीजेपी भारत के राजनीतिक विमर्श को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है, और इसका नेतृत्व नेताओं की एक नई पीढ़ी करेगी."
घोषणा के अनुसार, सौरव दास ने कानूनी, न्यायिक और सामाजिक मुद्दों पर व्यापक रूप से रिपोर्टिंग की है और नवंबर 2025 में इंडिया गेट पर हुए प्रदूषण विरोधी प्रदर्शनों में अग्रणी भूमिका निभाई थी. पार्टी ने बताया कि राजनीतिक शोधकर्ता, लेखक और फिल्ममेकर विजेता दहिया ने कई यूट्यूब क्रिएटर्स के लिए रिसर्च और कंटेंट प्रोडक्शन का काम किया है. दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) के स्नातक दहिया ने 'पावर ऑफ यूनिवर्स' और 'टू हेल विद दैट जॉब' पुस्तकें लिखी हैं, और उन्होंने हरियाणवी फिल्मों 'दरारें' और 'ओपरी पराई' का लेखन व निर्देशन भी किया है.
वहीं, आईआईटी कानपुर और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व छात्र आशुतोष रांका इससे पहले लंदन में 'मैकिन्से एंड कंपनी' के साथ काम कर चुके हैं. पार्टी ने बताया कि वह पिछले साल भारत लौटे और तब से जयपुर में पर्यावरण, शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक अभियानों में शामिल रहे हैं, जिनमें नीट पेपर लीक विवाद से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं.
ये नियुक्तियां 6 जून को अभिजीत दिपके की भारत वापसी से ठीक पहले की गई हैं. दिपके ने कथित नीट पेपर लीक और सीबीएसई प्रणाली में खामियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए दिल्ली में एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू करने की योजना की घोषणा की है.
पिछले महीने शुरू हुई सीजेपी ने सोशल मीडिया पर, विशेष रूप से छात्रों और युवाओं के बीच काफी लोकप्रियता हासिल की है, और खुद को शिक्षा व युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित एक मंच के रूप में स्थापित किया है.

