नीट विरोध प्रदर्शन : बिहार के व्यक्ति का दावा—रूस में चार महीने से रहने के बावजूद पुलिस ने दर्ज किया मामला

बिहार के किशनगंज जिले के एक निवासी ने दावा किया है कि नीट पेपर लीक के खिलाफ पिछले हफ्ते हुए विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जबकि वह "पिछले चार महीनों से विदेश में" है.

मोहम्मद सदाकत ने यह दावा एक ऐसे वीडियो में किया है जो कथित तौर पर रूस में शूट किया गया है, जहाँ उसने कहा कि वह पिछले चार महीनों से रह रहा है. सदाकत ने अपने खिलाफ मामला दर्ज किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह 25 जुलाई को बहादुरगंज में हुए विरोध-प्रदर्शन में मौजूद नहीं था. उसने इस मामले की निष्पक्ष जाँच की मांग की और अधिकारियों से प्राथमिकी से उसका नाम हटाने का आग्रह किया.

किशनगंज के एसपी हरि मोहन शुक्ला ने ‘पीटीआई’ द्वारा संपर्क किए जाने पर इस दावे की न तो पुष्टि की और न ही इनकार किया, लेकिन कहा कि जिन लोगों को कोई शिकायत है, वे निवारण के लिए पुलिस से संपर्क कर सकते हैं.

राज्य के गृह विभाग की एक अधिसूचना में कहा गया है कि सरकार "26 जुलाई को सुबह 6 बजे से पहले हुई घटनाओं के संबंध में जारी सभी एफआईआर, शिकायतों और कारण बताओ नोटिसों" को वापस ले रही है. विभाग ने कहा कि इस सिलसिले में गिरफ्तार किए गए लोगों को भी तुरंत रिहा कर दिया जाएगा.

पेपर लीक के विरोध में पिछले हफ्ते बुलाए गए राज्यव्यापी बंद को जबरन लागू करने के प्रयास के आरोप में कुल 694 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से लगभग आधे नाबालिग थे. 

Previous
Previous

राहुल देव | सरकार इस आंदोलन की शक्ति को भांप नहीं पाई 

Next
Next

सरकार कोर्ट की आड़ ले रही: मांगों के पूरा न होने पर सीजेपी ने दी नए राष्ट्रव्यापी आंदोलन की चेतावनी