ईरान युद्ध: ताज़ा घटनाक्रम — प्रस्ताव, धमकियाँ और होर्मुज़ पर नई लड़ाई

‘ड्रॉप साइट न्यूज़’ े अनुसार, अमेरिका-ईरान युद्ध में कूटनीतिक हलचल जारी है लेकिन ज़मीन पर तनाव बढ़ता ही जा रहा है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि तेहरान ने अमेरिका के ताज़ा प्रस्ताव का 14-सूत्रीय जवाब दे दिया है जो मुख्यतः विश्वास-निर्माण उपायों पर केंद्रित है. पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका में है और ईरान-ओमान की तकनीकी टीमें होर्मुज़ जलडमरूमध्य में सुरक्षित आवाजाही के तंत्र पर बातचीत कर रही हैं.

पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नक़वी तेहरान पहुँचे और ईरानी गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी से मिले. ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाक़ेर क़ालीबाफ़ ने नक़वी से कहा कि “हालिया घटनाओं ने दिखाया है कि क्षेत्र में अमेरिकी उपस्थिति सुरक्षा देने की जगह असुरक्षा पैदा करती है.” इसी बीच ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा: “ईरान के लिए घड़ी टिक रही है, उन्हें तेज़ी से आगे बढ़ना होगा वरना उनके लिए कुछ नहीं बचेगा.” सूत्रों के अनुसार ट्रंप मंगलवार को सिचुएशन रूम में अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ सैन्य विकल्पों पर चर्चा करने वाले थे. ट्रंप ने नेतन्याहू से 30 मिनट से अधिक बात कर ईरान से संभावित नए टकराव पर विचार-विमर्श किया. ईरान के सर्वोच्च नेता के सैन्य सलाहकार मोहसेन रेज़ाई ने जवाब दिया: “हमारे सशस्त्र बलों की उँगलियाँ ट्रिगर पर हैं, कूटनीति भी जारी है.”

ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य के प्रबंधन के लिए “पर्शियन गल्फ़ स्ट्रेट अथॉरिटी” (पीजीएसए) नामक नई संस्था बनाई है. इस संस्था के सोशल मीडिया खाते से चेतावनी दी गई कि बिना अनुमति के होर्मुज़ से गुज़रना अवैध माना जाएगा. इसी दौरान टैंकर ट्रैकर्स के अनुसार तीन खाली तेल टैंकर — जो कुल मिलाकर 19 लाख बैरल तेल ले जाने में सक्षम हैं — अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी तोड़कर निकल गए: एक ने अपना एआईएस ट्रैकिंग बंद कर लिया, दूसरे ने रूसी झंडा फहराया और तीसरा ओमान के तट के क़रीब से निकला. फ़ाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप द्वारा मार्च में घोषित 4,000 करोड़ डॉलर के समुद्री बीमा कार्यक्रम ने अपने दो महीनों के अस्तित्व में एक डॉलर का भी बीमा कवर नहीं दिया, क्योंकि जिस नौसैनिक एस्कॉर्ट पर यह आधारित है वह कभी स्थापित ही नहीं हुई.

संयुक्त अरब अमीरात के बाराका परमाणु संयंत्र के पास अल-धफ़रा क्षेत्र में एक ड्रोन ने विद्युत जनरेटर पर हमला किया — तीन ड्रोन पश्चिमी सीमा से आए, दो को मार गिराया गया, एक हमले में सफल रहा. हमले की ज़िम्मेदारी की जाँच जारी है. सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने इराक़ से आए तीन ड्रोन नष्ट किए और जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखा. ईरान के पुलिस प्रमुख ने घोषणा की कि युद्ध शुरू होने के बाद से 6,500 से अधिक लोगों को “जासूस और देशद्रोही” के आरोप में गिरफ़्तार किया जा चुका है.

लेबनान में 45-दिवसीय युद्धविराम विस्तार के तुरंत बाद इज़राइल ने हमले जारी रखे जिनमें 37 लोग मारे गए और 222 घायल हुए. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 2 मार्च से अब तक इज़राइली हमलों में 2,988 लोग मारे जा चुके हैं और 9,210 घायल हुए हैं. बालबेक के दक्षिण में एक इज़राइली निर्देशित मिसाइल ने सोमवार आधी रात के बाद फ़िलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद कमांडर वाएल अब्दुल हाली और उनकी 17 वर्षीय बेटी रीमा को उनके अपार्टमेंट में मार दिया.

Previous
Previous

आपसी संदेह से सियासी आगोश तक: अमेरिका ने पाकिस्तान से प्यार करना कैसे सीखा

Next
Next

मोदी से जब नीदरलैंड्स में भी भारत सरकार के अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे बर्ताव पर सवाल हुए