कांवड़ियों ने दो कांस्टेबलों पर किया हमला: दो गुटों में झड़प के बाद पुलिस जीप से बाहर घसीटा
‘भास्कर इंग्लिश’ के अनुसार, मेरठ में कांवड़ियों के दो गुटों के बीच हाथापाई हो गई. सड़क के आरक्षित (रिजर्व) क्षेत्र में कुछ कांवड़िए अपनी कांवड़ लेकर बैठे थे. इसी दौरान हरिद्वार से जल लेने जा रहे सोनू और उसके साथी की बाइक कांवड़ से टकरा गई. इससे कांवड़ टूट गई. जब पुलिस आरोपी सोनू और उसके साथी को जीप में बैठाकर ले जाने लगी, तो कांवड़ियों ने उन पर हमला कर दिया. उन्होंने उन्हें गाड़ी से बाहर खींच लिया और उनकी पिटाई करने लगे. बीच-बचाव के दौरान एक हेड कांस्टेबल के हाथों, कंधों और चेहरे पर चोटें आईं.
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की ख़बर है कि कांवड़ियों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने से उत्तर प्रदेश पुलिस का एक कांस्टेबल घायल हो गया. इस झड़प में कुछ कांवड़ियों को मामूली चोटें आईं और घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. कांस्टेबल दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बताया कि कांवड़ियों ने उन्हें धक्का दिया और उनके साथ मारपीट की. उनमें से एक ने कथित तौर पर कुमार के सिर पर लाठी से वार कर दिया. अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और स्थिति पर काबू पाया गया.
निरीक्षक सुमन सिंह ने दोनों गुटों की काउंसलिंग की और उन्हें अपनी यात्रा जारी रखने की अनुमति देने से पहले इस तरह के व्यवहार को न दोहराने की चेतावनी दी. पुलिस ने मौके से लावारिस मिली दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया. सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना के वीडियो में कथित तौर पर कांवड़ियों के एक समूह को पुलिस जीप से दो आदमियों को बाहर घसीटते हुए और उन पर लाठियों से हमला करते हुए देखा गया. वीडियो में एक पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने की कोशिश करता दिख रहा है, जबकि दोनों व्यक्तियों की पिटाई की जा रही है और उनके कपड़े फाड़े जा रहे हैं. उनमें से एक खुले खेत की ओर भागने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद उसका पीछा किया जाता है.

