एसआईआर सूची में नाम नहीं मिलने की आशंका के बीच हैदराबाद के व्यक्ति ने दी जान
‘साऊथ फर्स्ट’ के मुताबिक, तेलंगाना में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच हैदराबाद के बोराबांडा इलाके में 51 वर्षीय शेख मुजीबर रहमान ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. परिवार का आरोप है कि एसआईआर सूची में नाम नहीं मिलने और पहचान संबंधी दस्तावेज़ों में गड़बड़ियों को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे.
मुजीबर रहमान भारत नगर, बोराबांडा के निवासी थे और पेशे से कार चालक थे. परिजनों के अनुसार, उन्हें डर था कि मतदाता सूची और पहचान पत्रों में मौजूद विसंगतियों के कारण उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. वह खास तौर पर अपने परिवार और अपने तीन बच्चों में से दो दिव्यांग बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहते थे.
परिवार का कहना है कि दस्तावेज़ों की त्रुटियां ठीक कराने के लिए उन्होंने एजेंटों के माध्यम से काफी पैसे भी खर्च किए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे उनका तनाव और बढ़ गया.
रहमान की पत्नी इस्माइल बी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात परिवार ने साथ खाना खाया था. इसके बाद वह सो गईं, जबकि उनके पति जाग रहे थे. रविवार तड़के उनके बड़े बेटे ने घर के बाहर उन्हें अचेत अवस्था में पाया. पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
बोराबांडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि आत्महत्या का सीधा कारण एसआईआर या दस्तावेज़ संबंधी परेशानियां ही थीं. मामले की जांच जारी है.

