अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 95.34 के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंचा
पश्चिम एशिया संकट के बीच घरेलू इक्विटी में बिकवाली और वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के चलते, रुपया गुरुवार (30 अप्रैल 2026) को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.34 के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया. इसके बाद मिड-सेशन सौदों में यह 95.25 पर कारोबार कर रहा था.
इस बीच, कच्चे तेल की उच्च कीमतों के कारण पैदा हुए मजबूत मुद्रास्फीति दबाव को देखते हुए, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया और उन्हें यथावत रखा.
‘पीटीआई’ के मुताबिक, इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया डॉलर के मुकाबले 95.01 पर खुला और फिर 46 पैसे टूटकर 95.34 के रिकॉर्ड इंट्राडे निचले स्तर पर पहुंच गया. दोपहर के सत्र में, घरेलू मुद्रा 37 पैसे की गिरावट के साथ 95.25 पर कारोबार कर रही थी.
इससे पहले बुधवार को, रुपया 20 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.88 के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था. फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी हेड और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, "रुपये पर मुख्य प्रभाव कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का पड़ा है, जो 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं. इनके और ऊपर जाने की संभावना है, क्योंकि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखी है, जबकि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से किसी भी जहाज या टैंकर को गुजरने नहीं दे रहा है."
इस बीच, डॉलर इंडेक्स, जो छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले ग्रीनबैक (अमेरिकी डॉलर) की मजबूती को मापता है, 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 98.79 पर कारोबार कर रहा था.
वैश्विक तेल बेंचमार्क, ब्रेंट क्रूड, वायदा कारोबार में 3.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 122.11 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स 687.75 अंक गिरकर 76,808.61 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी 228.60 अंक टूटकर 23,949.05 पर आ गया. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,468.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे. भंसाली ने आगे कहा, "विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) भारतीय इक्विटी और ऋण (जहां यील्ड बुधवार को 7 प्रतिशत तक पहुंच गई) की बिक्री जारी रखे हुए हैं और वे लगातार डॉलर के खरीदार बने हुए हैं."

