नागा गांव पर हमला, उग्रवादियों और सीआरपीएफ के बीच मुठभेड़ में दो मकान जले

‘पीटीआई’ की खबर है कि दो दिन में छह कुकी नागरिकों की हत्या के बाद मंगलवार देर रात मणिपुर के कांगपोकपी जिले के चावांगकिनिंग में संदिग्ध उग्रवादियों ने एक नागा गांव पर हमला कर दो मकान आग के हवाले कर दिए. पड़ोसी जिले तामेंगलोंग के लेइसांगफई में दो कुकी महिलाओं की हत्या के कुछ ही घंटों बाद यह घटना हुई.

गांव पर कब्जे की कोशिश कर रहे हमलावरों पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने जवाबी कार्रवाई की. लगभग छह घंटे तक चली गोलीबारी के बाद सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों को खदेड़ दिया. नागा नेता अवांगबौ न्यूमई और कुकी विधायक किमनेओ हांगशिंग ने इस हिंसा और हत्याओं की कड़ी निंदा की है.

सुरक्षा बलों पर हमले के आरोप में दो उग्रवादी गिरफ्तार

उधर, इंफाल ईस्ट जिले के कांगपाल कांगखाम से पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन एनआरएफएम के दो भाइयों—शेलैबाम तोमथिन मैतेई (27) और शेलैबाम जगतश्याम मैतेई (35)—को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 22 अगस्त को लामलोंग बाजार में एसएसबी जवानों पर और 10 सितंबर को खोंगहामपात में सीआरपीएफ जवानों पर हुई गोलीबारी में शामिल थे. इस मामले में उनके पिता को भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोपियों के कब्जे से एक एके-47 राइफल, एक 9एमएम पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.

Previous
Previous

जम्मू-कश्मीर में भूमि अभियान के तहत सरकारी संपत्तियों के कब्जाधारियों को बेदखली के नोटिस

Next
Next

मणिपुर में फिर जातीय हिंसा: दो कुकी महिलाओं की हत्या, केज़ेडसी का शव न दफनाने का फैसला