अरुणाचल प्रदेश: भारत-म्यांमार सीमा के पास उग्रवादी हमले में असम राइफल्स का एक जवान शहीद, चार घायल

यह खबर मणिपुर से नहीं, बल्कि अरुणाचल से है. मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास एक गश्ती दल पर संदिग्ध उग्रवादी हमले में असम राइफल्स का एक जवान शहीद हो गया और चार अन्य घायल हो गए.

‘पीटीआई’ के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग सर्कल के तहत नामपोंग नाला के पास हुई, जब 21 असम राइफल्स के जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे जहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है.

प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि संदिग्ध उग्रवादियों ने गश्ती दल पर गोलीबारी की, जिसमें हवलदार जानखोकाई कुकी (42) की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए.

अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.

प्रारंभिक रिपोर्टों में एनएससीएन (के-वाईए) से जुड़े उग्रवादियों के शामिल होने का संदेह जताया गया है. हालांकि, हमलावरों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडू ने कहा कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और उन्होंने चांगलांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को विवरण जुटाने का निर्देश दिया है. चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा इस क्षेत्र में और अंतरराष्ट्रीय सीमा पार सक्रिय विद्रोही समूहों की गतिविधियों के कारण हमेशा संवेदनशील रही है.

Previous
Previous

बोफोर्स के बाद, लोकसभा का सबसे लंबा अनिश्चितकालीन स्थगन: 46 दिन और गिनती अभी जारी है

Next
Next

निहा मसीह | जमुई से लेकर दिल्ली तक, यौन हमले से सुरक्षा का बोझ महिलाओं पर नहीं डाला जा सकता