‘एक्स’ प्रतिबंध पर कॉकरोच जनता पार्टी को कोई तत्काल राहत नहीं: हाई कोर्ट

दिल्ली उच्च न्यायालय ने शुक्रवार (29 मई 2026) को राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 'एक्स' हैंडल को ब्लॉक किए जाने के खिलाफ पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया.

‘द हिंदू’ के अनुसार, न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने कहा कि इस तरह की राहत सरकार का पक्ष सुनने के बाद ही दी जा सकती है, क्योंकि इस मुद्दे के दूरगामी परिणाम हैं. अदालत ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया और मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई के लिए तय की. इसी बीच, अदालत ने कहा कि दिपके सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) नियमों के तहत गठित समीक्षा समिति से संपर्क कर सकते हैं, और चूंकि वे विदेश में हैं, इसलिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हो सकते हैं. अदालत ने कहा कि समीक्षा समिति कम से कम हर दो महीने में एक बार बैठक करती है और इस बात का रिकॉर्ड रखती है कि इन नियमों के तहत सामग्री या जानकारी को ब्लॉक करने के निर्देश सही हैं या नहीं.

अदालत ने आदेश दिया, “यह निर्देश दिया जाता है कि सुनवाई की अगली तारीख से पहले समीक्षा समिति इन सभी पहलुओं की जांच करे और फैसले को रिकॉर्ड पर लिया जाए. याचिकाकर्ता दिपके को वर्चुअली (ऑनलाइन) उपस्थित होने की स्वतंत्रता दी जाती है.”

सुनवाई के दौरान दिपके की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने दलील दी कि सीजेपी का अकाउंट “शुद्ध व्यंग्य” था और यदि कुछ ट्वीट आपत्तिजनक थे, तो पूरे अकाउंट को रोकने के बजाय केवल उन्हीं ट्वीट को ब्लॉक किया जा सकता था. हैंडल को अंतरिम रूप से अनब्लॉक करने की मांग करते हुए सिब्बल ने अदालत से ब्लॉकिंग ऑर्डर (प्रतिबंध लगाने के आदेश) का अवलोकन करने का आग्रह किया, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि वह आदेश अभी तक उन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया है.

हालांकि, न्यायमूर्ति कौरव ने टिप्पणी की कि ब्लॉकिंग ऑर्डर रिकॉर्ड पर नहीं है और याचिकाकर्ता के अनुरोध पर विचार केंद्र द्वारा याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने के बाद किया जाएगा, क्योंकि इस मामले से जुड़े मुद्दों के "व्यापक प्रभाव" हैं. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि इस चरण में ही सीजेपी के हैंडल को अनब्लॉक करने की अनुमति देना उनकी मुख्य याचिका को स्वीकार करने के बराबर होगा.

सीजेपी का मूल एक्स हैंडल 21 मई को भारत में रोक दिया गया था, जिसके बाद यह समूह 'कॉकरोच इज बैक' नाम के एक नए हैंडल के साथ फिर से सामने आया, जिसके वर्तमान में 2,35,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं. 

Previous
Previous

2023 से पहले बिके प्रत्येक दो में से एक पेट्रोल वाहन के माइलेज में E20 ईंधन के कारण आई गिरावट

Next
Next

लद्दाख के एल-जी ने दिल्ली के आकाओं को प्रभावित करने के लिए ऐसा किया; सोनम वांगचुक का पलटवार