होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज पर हमले में 11 भारतीय घायल
‘स्क्रोल’ में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को ओमान के तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में 11 भारतीय घायल हो गए. हमले में पनामा के झंडे वाला एमटी ऑन पीस जहाज निशाना बना, जिसमें कुल 19 चालक दल के सदस्य सवार थे. इनमें 17 भारतीय थे. हमले में कुल 12 लोग घायल हुए.
घायलों को ओमान के अधिकारियों की मदद से जहाज से बाहर निकाला गया और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए इसे भारत के लिए गहरी चिंता का विषय बताया है.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, समुद्री कर्मचारियों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं बंद होनी चाहिए. मंत्रालय ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपील की. साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर नौवहन और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की.
यह घटना 23 सितंबर को ओमान के तट के पास एक अन्य वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के कुछ दिनों बाद हुई है. उस हमले में एक भारतीय समुद्री कर्मचारी की मौत हो गई थी. रिपोर्ट के अनुसार, जहाज भारत की ओर जा रहा था, तभी उस पर दो टॉरपीडो से हमला किया गया.
पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य में 11 भारतीय समुद्री कर्मचारियों की मौत हो चुकी है. इन हमलों में चार भारतीय और 60 विदेशी झंडे वाले जहाजों को निशाना बनाए जाने की बात रिपोर्ट में कही गई है.

