इलाहाबाद उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन द्वारा एक वकील के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में न्यायमूर्ति अजय भनोट की अदालत का बहिष्कार करने की धमकी देने के एक दिन बाद , न्यायाधीश के न्यायालय कक्ष में अराजकता फैल गई, जिसमें अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और कथित तौर पर मंच की ओर फर्नीचर फेंका.
बार एसोसिएशन ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि न्यायमूर्ति भनोट ने एक वकील को पुलिस अधीक्षक (एसपी) से माफी मांगने के लिए मजबूर किया, क्योंकि वकील ने उस अधिकारी के वकीलों के लिए आरक्षित पंक्ति में बैठने पर आपत्ति जताई थी.
‘बार एंड बेंच’ के मुताबिक, बार एसोसिएशन ने कहा कि न्यायमूर्ति भनोट के न्यायालय कक्ष में पुलिस अधिकारियों और अन्य उच्च पदस्थ अधिकारियों के लिए अलग से कुर्सी लगाई जा रही है. वकील ने एसपी से थोड़ा पीछे हटने का अनुरोध किया था.
बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि न्यायाधीश ने वकील को जेल भेजने की धमकी दी और एक अन्य वरिष्ठ वकील का भी मजाक उड़ाया.
एसोसिएशन ने मुख्य न्यायाधीश से वकील के साथ कथित दुर्व्यवहार का संज्ञान लेने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि यदि कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उसके सदस्य न्यायमूर्ति भनोट की अदालत का बहिष्कार करेंगे.
बुधवार को उच्च न्यायालय से साझा किए गए वीडियो में कई अधिवक्ताओं को न्यायमूर्ति भनोट के कोर्टरूम के बाहर इकट्ठा होते हुए दिखाया गया, जहां वे न्यायमूर्ति दिवेश चंद्र सामंत के साथ बैठे थे.
वकीलों ने नारे लगाए और कथित तौर पर अदालत कक्ष में फर्नीचर और अन्य सामान फेंका. खबरों में यह भी दावा किया गया कि न्यायमूर्ति भनोट पर जूता फेंका गया.

