तमिलनाडु: कांग्रेस ने ‘सांप्रदायिक ताकतों को गठबंधन से बाहर रखने’ की शर्त पर टीवीके को समर्थन दिया
कांग्रेस पार्टी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि उसके निर्वाचित प्रतिनिधि तमिलनाडु में अगली सरकार बनाने के लिए सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) का समर्थन करेंगे. पार्टी ने कहा कि इस गठबंधन की नींव आपसी सम्मान और राज्य सरकार में उचित "भागीदारी" पर रखी गई है.
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तमिलनाडु प्रभारी, गिरीश चोडनकर द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि यह निर्णय विजय द्वारा तमिलनाडु में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से औपचारिक रूप से समर्थन मांगे जाने के बाद लिया गया है. ‘द हिंदू ब्यूरो’ के अनुसार, बयान में आगे कहा गया, "हमारा समर्थन इस शर्त पर होगा कि टीवीके इस गठबंधन से ऐसी किसी भी सांप्रदायिक शक्ति को दूर रखेगी जो भारत के संविधान में विश्वास नहीं रखती है." उल्लेखनीय है कि राज्य की कुल 234 सीटों में से टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं. सरकार बनाने के लिए उसको 10 और विधायक चाहिए होंगे, जिनमें से पाँच उसे कांग्रेस के समर्थन से प्राप्त हो जाएंगे.

