जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वालों को ‘गोली मार देता’: बीजेपी के पूर्व पदाधिकारी के बयान से विवाद
केरल के हिंदुत्व विचारक और बीजेपी के पूर्व पदाधिकारी टी.जी. मोहनदास का एक हालिया वीडियो इंटरनेट पर सामने आने के बाद उन्हें कड़े विरोध और आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. इस वीडियो में उन्होंने कहा था कि अगर कमान उनके हाथ में होती, तो वे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वालों को "गोली मार देते". भारतीय जनता पार्टी के राज्य बौद्धिक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रमुख मोहनदास ने यह टिप्पणी रविवार को अपने यूट्यूब चैनल 'पत्रिका' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में की थी.
30 मिनट के इस वीडियो में मोहनदास ने विस्तार से बताया है कि वह नीट परीक्षा में धांधली के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' और अन्य प्रमुख विपक्षी संगठनों द्वारा किए जा रहे छात्र विरोध प्रदर्शनों से कैसे निपटते.
उन्होंने कहा, "मैं जंतर-मंतर के आसपास लगभग 4 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में कर्फ्यू लगा देता. फिर मैं भीड़ को छंटने के लिए तीन बार घोषणा करता. उसके बाद, मैं गोली चला देता. लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगते. कुछ लोग मर सकते थे, कुछ दिव्यांग हो सकते थे. चार घंटे के भीतर स्थिति शांत हो जाती. उसके बाद मैं शवों को उठाकर अस्पतालों में पहुँचा देता."
यह भी कहा, “सेक्युलर महिलाओं को सामूहिक दुष्कर्म पसंद होता है”
‘द हिंदू’ ब्यूरो के अनुसार, एक अन्य वीडियो में उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने वाली धर्मनिरपेक्ष महिलाओं को "सामूहिक दुष्कर्म का शिकार होना पसंद होता है." इसमें उन्होंने कहा, "सामूहिक दुष्कर्म होंगे. इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं होगी क्योंकि ये ऐसे लोग हैं जिन्हें दुष्कर्म का शिकार होना पसंद है. ऐसी महिलाएँ हैं जिन्हें दुष्कर्म पसंद है, विशेष रूप से वामपंथी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और सर्वहारा वर्ग की महिलाएँ. अब अगर इस दौरान किसी की मौत हो जाती है, तो वे उसे शहीद बना देंगे."
मोहनदास के वीडियो की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर तीखी आलोचना हो रही है. इसके विरोध में मंगलवार को डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) ने टी.जी. मोहनदास के आवास तक मार्च निकाला. वहीं, उनके यूट्यूब चैनल पर उनके समर्थन में भी कई टिप्पणियां देखी जा सकती हैं.

