उज्जैन मस्जिद विध्वंस पर फेसबुक कमेंट को लेकर मोहम्मद दीपक गिरफ्तार, जमानत भी मिली
‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक, उत्तराखंड के जिम मालिक दीपक कुमार, जिन्हें 'मोहम्मद दीपक' के नाम से भी जाना जाता है, को एक स्थानीय व्यापारी द्वारा फेसबुक कमेंट को लेकर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, यह विवाद मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक मस्जिद के आंशिक विध्वंस से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा था. पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन असहमति के बाद दीपक कथित तौर पर व्यापारी संजीव टोंक की दुकान पर गए, जहां कथित तौर पर तीखी बहस हुई. पुलिस ने शुरुआत में स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की. संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति की चिंताओं के बीच निवारक उपाय के रूप में दीपक को बाद में बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया.
दीपक इससे पहले कोटद्वार में एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार से जुड़ी घटना के दौरान बजरंग दल के सदस्यों का सामना करने के बाद सुर्खियों में आए थे.
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विवाद का कारण दीपक द्वारा दी गई कथित धमकियों और हिंदू समाज के बारे में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को भी बताया जा रहा है. एक समाचार साइट पर पोस्ट किए गए वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित अन्य वीडियो में कथित तौर पर दीपक और एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान स्थानीय व्यापारी के रूप में हुई है, को बहस करते हुए देखा जा सकता है. शुरुआत में दीपक वहां तीन अन्य लोगों से बातचीत करता है, लेकिन फिर दोनों के बीच तीखी बहस होती है. इसके बाद वे कैमरे से दूर चले जाते हैं.
इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी कोटवाली पुलिस स्टेशन के बाहर एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन करते हुए दीपक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. रिपोर्टों में कहा गया है कि इस घटनाक्रम के बाद दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया और कोटद्वार में पुलिस बल तैनात कर दिया गया. हालांकि शुक्रवार को मोहम्मद दीपक को जमानत मिल गई.

