फ्रांस में एक व्यक्ति में 'शमोंडा वायरस' से संक्रमण का पहला ज्ञात मामला सामने आया है. जांच की जा रही है कि क्या इस वायरस की वजह से उसकी मौत हुई है.
शमोंडा वायरस 'बुन्यावायरस' का एक प्रकार है और यह संक्रमित मक्खियों के काटने से फैलता है. ऑस्ट्रियाई एजेंसी फॉर हेल्थ एंड फूड सेफ्टी के अनुसार, मवेशियों, भेड़ों और बकरियों जैसे जानवरों में यह दस्त, भूख न लगना, दूध के उत्पादन में गिरावट के अलावा "नवजात बछड़ों, मेमनों और बच्चों (बकरियों के बच्चों) में गर्भपात और जन्मजात विकृतियों" का कारण बन सकता है.
एजेंसी ने कहा, "स्विट्जरलैंड और जर्मनी में, न्यूरोलॉजिकल (तंत्रिका संबंधी) लक्षणों से मरने वाले घोड़ों के दिमाग में भी शमोंडा वायरस के आनुवंशिक पदार्थ (जेनेटिक मटेरियल) की मौजूदगी दर्ज की गई है."
‘द गार्डियन’ के मुताबिक, यह वायरस इससे पहले यूरोप के बाहर फार्म के जानवरों में पाया गया था, लेकिन गर्मियों में इस महाद्वीप पर पहली बार इसका पता पशुधन में चला था. यूरोपीय सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल (ईसीडीसी) ने कहा कि फ्रांस का यह मरीज इस वायरस से संक्रमित होने वाला पहला ज्ञात इंसान है. एजेंसी ने यह भी बताया कि वह मरीज पहले से ही गंभीर रूप से बीमार था और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर थी, जिसका मतलब यह स्पष्ट नहीं है कि इस महीने हुई उसकी मौत में वायरस ने कोई भूमिका निभाई थी या नहीं.
ईसीडीसी ने कहा है, "इस बात की जांच जारी है कि क्या वायरस ने मरीज की मौत का कारण बना या उसमें योगदान दिया, और यह संक्रमण कैसे हुआ."
लिवरपूल विश्वविद्यालय में महामारी संस्थान (पेंडेमिक इंस्टीट्यूट) के निदेशक प्रोफेसर टॉम सोलोमन ने कहा कि आम जनता के लिए जोखिम बहुत कम प्रतीत होता है.
उन्होंने कहा, "शमोंडा वायरस कई वर्षों से जानवरों (विशेषकर मवेशियों, और इसके साथ ही भेड़ों, बकरियों, घोड़ों और अल्पाका) में फैल रहा है, फिर भी यह इंसानों में संक्रमण का पहला ज्ञात मामला है."
"यह बताता है कि इंसानों में इसका संक्रमण बेहद असाधारण है."
लेकिन उन्होंने कहा कि कई बातें अभी अज्ञात हैं: "हम नहीं जानते कि क्या स्वस्थ लोग बिना लक्षण विकसित किए संक्रमित हो सकते हैं, यह वायरस आमतौर पर कौन से लक्षण पैदा कर सकता है, या यह कितनी बार गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है."
उन्होंने कहा, "यह स्पष्ट रूप से चिंताजनक है, लेकिन एक असाधारण मामला यह जरूरी नहीं कि यह संकेत दे कि वायरस व्यापक आबादी के लिए एक बड़ा खतरा है."

