भारत-चीन विवाद: अरुणाचल प्रदेश के छात्रों ने सीमा की ओर मार्च निकाला, पूर्व मंत्री ने पीएम मोदी पर उठाए सवाल
‘ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन’ (एएपीएसयू) ने गुरुवार को राज्य के ऊपरी सुबनसिरी जिले के एक सीमावर्ती गांव ताक्सिंग की ओर एक मार्च की शुरुआत की. इस मार्च ने सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है और उत्तर-पूर्वी राज्य में भारत-चीन सीमा तनाव पर ध्यान आकर्षित किया है.
“ताक्सिंग चलो, भारत बचाओ” के बैनर तले आयोजित यह मार्च तब आयोजित किया गया जब पूर्व भाजपा सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे आर.के. सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से सवाल किया कि भारत ने 2014 के बाद से कितने गश्ती बिंदु (पेट्रोलिंग पॉइंट्स) "छोड़" दिए हैं. सिंह ने उन रिपोर्टों का हवाला दिया जिनमें दावा किया गया था कि भारतीय बलों ने अरुणाचल प्रदेश के ताक्सिंग क्षेत्र में शेरा-5 पर गश्त बंद कर दी है, जिससे चीन को वहां अपनी उपस्थिति स्थापित करने का मौका मिल गया है.
'ताक्सिंग चलो' मार्च
एएपीएसयू (आपसू) के अध्यक्ष मेजे ताकू ने यूनियन के मुख्यालय से प्रतिनिधिमंडल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसका नेतृत्व महासचिव मातो बुई कर रहे हैं. यह कहते हुए कि अरुणाचल प्रदेश के लोग और युवा भारत की क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेंगे, ताकू ने सीमा पर मजबूत सुरक्षा और बुनियादी ढांचे की मांग की. ‘टेलीग्राफ वेब डेस्क और पीटीआई’ के अनुसार ताकू ने कहा, "अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा."
ताकू ने आगे कहा, "हमारी सीमाएं केवल मानचित्र पर खींची गई रेखाएं नहीं हैं; वे हमारी सामूहिक जिम्मेदारी हैं." उन्होंने याद दिलाया कि सीमावर्ती निवासी देश की प्रादेशिक अखंडता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
यूनियन ने यह भी कहा कि वह इस यात्रा के आधार पर एक ग्राउंड-असेसमेंट (ज़मीनी मूल्यांकन) रिपोर्ट तैयार करेगी और इसे केंद्र तथा अरुणाचल प्रदेश सरकार को सौंपेगी, जिसमें सीमावर्ती गांवों में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और विकास परियोजनाओं के तेज़ी से क्रियान्वयन की मांग की जाएगी.
इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व गृह सचिव आर.के. सिंह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा: "मैंने आज एक रिपोर्ट पढ़ी जिससे मुझे चिंता हो रही है, और यह हमारे देश के सभी नागरिकों को चिंतित करनी चाहिए. ऐसा लगता है कि हमने अरुणाचल के ताक्सिंग में शेरा-5 नामक एक गश्ती बिंदु को छोड़ दिया है, और चीनियों ने वहां एक प्रमुख स्थान स्थापित कर लिया है."
यह समझाते हुए कि गश्त किस तरह उन क्षेत्रों में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत के दावे को बनाए रखने में मदद करती है जहाँ नई दिल्ली और बीजिंग की सीमा को लेकर अलग-अलग व्याख्याएँ हैं, उन्होंने कहा: "हमारी गश्त हमारी मानी गई वास्तविक नियंत्रण रेखा के बिंदुओं तक जाती है और चीनी गश्त उनकी मानी गई वास्तविक नियंत्रण रेखा के गश्ती बिंदुओं तक आती है."
उन्होंने कहा, "जब आप अपनी दावा रेखा के साथ एक गश्ती बिंदु को छोड़ देते हैं, और चीनी उस पर कब्ज़ा कर लेते हैं, तो इसका मतलब है कि आपने अपना दावा छोड़ दिया है."
“मैं जानना चाहता हूँ; देश जानना चाहता है कि सरकार ने 2014 से अब तक ऐसे कितने गश्ती बिंदु छोड़ दिए हैं. क्या यह अकेला गश्ती बिंदु है जिसे सरकार ने छोड़ दिया है और चीनियों ने कब्ज़ा कर लिया है? या फिर कुछ और गश्ती बिंदु हैं, जिन्हें इस सरकार ने छोड़ दिया—ऐसे गश्ती बिंदु जहाँ 2014 से पहले हमारी गश्त जाया करती थी?”
नवंबर 2025 में भाजपा से निलंबित किए गए सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री को इस आरोप का जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा, "रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को यह जवाब देने की ज़रूरत है कि 2014 के बाद से कितने गश्ती बिंदु छोड़े गए हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री की मंज़ूरी के बिना किसी भी बिंदु पर दावा छोड़ना संभव नहीं है."
इधर, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने चीन की नई घुसपैठ की रिपोर्टों को खारिज कर दिया है, लेकिन कहा कि स्थानीय संगठनों द्वारा उठाई गई चिंताओं का सत्यापन निवासियों और भारतीय सेना के परामर्श से किया जाएगा.
खांडू ने कहा, "हमें नहीं लगता कि कोई घुसपैठ हुई है, क्योंकि सीमा क्षेत्र में तैनात भारतीय सेना क्षेत्र की बहुत अच्छी तरह से देखभाल कर रही है." ताक्सिंग, अरुणाचल प्रदेश के सबसे रणनीतिक रूप से संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में से एक है.

