शिलांग में बाइक रैली हुई हिंसक; वाहनों में लगाई आग, विवेकानंद और नेताजी की प्रतिमाएं खंडित
खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) द्वारा शिलांग में आयोजित एक काले झंडे वाली बाइक रैली के दौरान हिंसा भड़क गई. उपद्रवियों ने कम से कम दो सरकारी वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके अलावा, 1960 के दशक में पूर्वी पाकिस्तान के विस्थापितों के लिए बसाई गई 'राहत और पुनर्वास कॉलोनी' में स्थापित स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं को भी खंडित कर दिया गया. प्रदर्शनकारियों ने मेघालय सचिवालय के मुख्य द्वार पर विरोध स्वरूप झंडे भी लगा दिए थे, जिन्हें पुलिस ने हटा दिया.
‘पीटीआई’ के अनुसार, राज्य सरकार को दिए गए 15 दिनों के अल्टीमेटम पर कोई ध्यान न दिए जाने के बाद केएसयू ने इस आंदोलन का आह्वान किया था. छात्र संगठन की मुख्य मांगों में शामिल हैं: मेघालय निवासी सुरक्षा और संरक्षा अधिनियम को लागू करना, भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार और प्रवासी श्रमिकों पर कड़ा नियंत्रण, नर्सों की भर्ती प्रक्रिया में बदलाव और लम सिरमन में श्री सीमेंट लिमिटेड की चूना पत्थर खनन परियोजना की जन सुनवाई को अमान्य घोषित करना. घटना के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शहर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

