‘हरकारा डीप डाइव’ के लाइव एपिसोड में निधीश त्यागी ने सत्य धर्म संवाद के संयोजक स्वामी राघवेंद्र के साथ राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, हिंदुत्व की राजनीति, धार्मिक संस्थाओं में बढ़ते राजनीतिक हस्तक्षेप और साधुओं के सामने मौजूद चुनौतियों पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने हिंदू धर्म और राजनीतिक हिंदुत्व के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए धार्मिक परंपराओं की समावेशी और सुधारवादी धारा को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया.
राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में स्वामी राघवेंद्र ने सुप्रीम कोर्ट के रुख पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इतने बड़े मामले की जांच निचली अदालत और राज्य सरकार के भरोसे छोड़ने के बजाय सुप्रीम कोर्ट को अपनी निगरानी में इसकी जांच करानी चाहिए. उनके मुताबिक, मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं में राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों ने कई धार्मिक संस्थाओं में अपना प्रभाव स्थापित कर लिया है. उनके अनुसार, अयोध्या के कई साधु-महंत भी इस स्थिति से असंतुष्ट हैं.
हिंदू धर्म और हिंदुत्व के अंतर पर बात करते हुए राघवेंद्र ने कहा कि विनायक दामोदर सावरकर की हिंदुत्व संबंधी अवधारणा मूलतः राजनीतिक है और इसका सामान्य हिंदू धर्म की आध्यात्मिक परंपरा से सीधा संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म की परंपरा में समावेशिता, आत्मालोचना और सुधार की गुंजाइश हमेशा रही है, जबकि राजनीतिक हिंदुत्व की व्याख्या अक्सर दूसरे धर्मों के विरोध के आधार पर की जाती है. उनके मुताबिक, धर्म का इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए नहीं, बल्कि लोकहित और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए होना चाहिए.
इसी सोच के साथ शुरू किए गए ‘सत्य धर्म संवाद’ का उद्देश्य हिंदू धर्म की सकारात्मक परंपराओं, जाति व्यवस्था और धार्मिक संस्थाओं के भीतर मौजूद अंतर्विरोधों पर चर्चा करना है. राघवेंद्र ने बताया कि इस पहल से देश के अलग-अलग राज्यों के 150 से अधिक साधु जुड़े हैं. इस प्रयास से संबंधित एक पुस्तक में भारत और विदेशों के 13 प्रगतिशील धार्मिक विचारकों के लेख शामिल हैं.
बातचीत में उन्होंने साधुओं के मठों पर कथित कब्जे, धार्मिक संस्थाओं में पूंजी के बढ़ते प्रभाव और राजनीतिक दबाव का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने दावा किया कि कई साधु अब भाजपा और संघ परिवार की राजनीति से निराश हैं.
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान साधुओं के नाम मतदाता सूची से कटने का मुद्दा भी चर्चा में आया. राघवेंद्र के अनुसार, साधुओं के दस्तावेजों में पिता के स्थान पर गुरु और माता के स्थान पर इष्ट देवी का नाम दर्ज करने की परंपरा है. ऐसे में उनके लिए अलग व्यवस्था नहीं होने के कारण कई साधुओं के नाम मतदाता सूची से कट गए हैं. उन्होंने कहा कि साधु भी देश के नागरिक हैं और उनके मतदान के अधिकार की रक्षा होनी चाहिए.
पूरी बातचीत हरकारा रोज़ाना के यूट्यूब चैनल पर सुन सकते हैं.

